Haldwani
बकाया ना मिला तो बच्चों के साथ सड़क पर उतरे सब कांट्रेक्टर, ठेकेदार लापता
हल्द्वानी : प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत कौन्ता पटरानी मोटर मार्ग का कार्य पूरा कर चुके सब कांट्रेक्टर अब अपने हक़ के पैसे के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। 8 महीने बीत जाने के बाद भी ठेकेदार द्वारा भुगतान नहीं किए जाने से नाराज़ सब कांट्रेक्टर अपने बच्चों और परिवार के साथ ठेकेदार सुंदर अधिकारी के हल्द्वानी स्थित आवास के बाहर धरने पर बैठ गए हैं।
धरने पर बैठे सब कांट्रेक्टरों ने बताया कि ठेकेदार सुंदर अधिकारी ने कार्य तो पूरा करवा लिया लेकिन करोड़ों रुपये अब तक बकाया हैं। किसी का 70 लाख, तो किसी का 80 लाख तक अटका हुआ है। सभी का कहना है कि वे कई बार ठेकेदार के घर के चक्कर काट चुके हैं…लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन मिला…पैसा नहीं।
अब हालात ये हैं कि ठेकेदार से पैसा न मिलने के कारण कई ठेकेदारों के घर में राशन लाना मुश्किल हो गया है और बच्चे के स्कूल तक छोड़ने की नौबत आ गई है। मजबूरी में सभी ने परिवार के साथ सीधे धरने का रास्ता चुना।
प्रदर्शन कर रहे ठेकेदारों ने गंभीर आरोप लगाए कि सुंदर अधिकारी लोहाघाट से विधायक के पुत्र हैं…और अपने राजनीतिक रसूख का गलत फायदा उठाकर उनका शोषण कर रहे हैं। यही वजह है कि विभागीय अधिकारी भी कार्रवाई से बचते दिख रहे हैं।
सब कांट्रेक्टरों ने इस मामले की शिकायत एसडीएम कार्यालय में भी दर्ज कराई है। एसडीएम ने जानकारी दी है कि मामले की जांच के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों और श्रम विभाग को निर्देशित किया गया है।