Cricket

महिला टी20 विश्वकप का आगाज: 10 टीमों के बीच खिताबी संघर्ष, भारत प्रमुख दावेदार।

Published

on

दिल्ली – महिला टी-20 विश्व कप का रोमांच सिर चढ़कर बोलने को तैयार है। देखने वाली बात यह होगी कि यूएई में बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे इस विश्व कप में नया विजेता मिलेगा या फिर पिछले तीन बार से विजेता ऑस्ट्रेलिया का दबदबा जारी रहेगा। अभी तक हुए कुल आठ टी20 विश्व कप में छह बार ऑस्ट्रेलिया और एक-एक बार इंग्लैंड, वेस्टइंडीज ही विजेता बने हैं। भारत समेत अन्य कोई देश अब तक टी-20 चैंपियन नहीं बना है। हालांकि इस बार ऑस्ट्रेलिया की राह आसान नहीं मानी जा रही है। उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती भारतीय टीम से निपटना होगी।

दोनों अभ्यास मुकाबले आसानी से जीतकर हरमनप्रीत कौर की टीम ने इस विश्व कप के लिए अपना दावा मजबूती से रख दिया है। भारतीय टीम सिर्फ एक बार 2020 में टी-20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है, जहां उसे ऑस्ट्रेलिया से ही हार का सामना करना पड़ा था। दुबई और शारजाह में विश्व कप के मैच होने के कारण भारत को इस बार विश्व कप में प्रबल दावेदार माना जा रहा है। यहां की पिचें स्पिनरों की मददगार हैं और भारत के पास दुनिया का श्रेष्ठ स्पिनर आक्रमण है।

आज के मैच

बांग्लादेश बनाम स्कॉटलैंड (दोपहर साढ़े तीन बजे से)

पाकिस्तान बनाम श्रीलंका (शाम साढ़े सात बजे से)

बेहद अनुभवी है भारतीय टीम
यह टूर्नामेंट बांग्लादेश में होना था, लेकिन वहां के घरेलू हालात के कारण आईसीसी ने इसे अंतिम क्षणों में यूएई में कराने का फैसला लिया। हाल के दिनों में अगर किसी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को सबसे ज्यादा परेशान किया है तो वह भारत है। हालांकि हरमनप्रीत कौर की टीम को बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों और 2020 के विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार मिली, लेकिन इस बार स्पिनरों की मदद करने वाली पिचों के चलते भारत ऑस्ट्रेलिया को परेशान कर सकता है। भारतीय टीम के पास अब अनुभव की कमी नहीं है। हरमनप्रीत कौर विश्व कप में 35, स्मृति मंधाना 21, दीप्ति शर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स 15-15 टी-20 विश्व कप मैच खेल चुकी हैं। इनके अलावा विस्फोटक रिचा घोष, शैफाली वर्मा को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

ग्रुप ए : भारत, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड

ग्रुप बी : इंग्लैंड, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड

दांव पर होगी हरमनप्रीत की कप्तानी
भारतीय टीम का नकारात्मक पक्ष, उसका हाल के समय में ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलना है। टी-20 एशिया कप के फाइनल में भी उसे श्रीलंका के हाथों आठ विकेट से हार मिली थी। हरमनप्रीत कौर के लिए यह टूर्नामेंट बेहद महत्वपूर्ण है। अगर यहां वह टीम को विजेता नहीं बना पाती हैं तो उनकी कप्तानी भी खतरे में पड़ सकती है। वह 2018 टी-20 विश्व कप से टीम की कप्तानी करती आ रही हैं। पिछले तीन टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम एक बार फाइनल में और दो बार सेमीफाइनल में पहुंची है।

एक ही ग्रुप में हैं भारत-ऑस्ट्रेलिया
इस विश्व कप में भारत और ऑस्ट्रेलिया एक ही ग्रुप ए में हैं। ऑस्ट्रेलिया ऐसी टीम होगी, जिसे हराना किसी भी टीम के लिए चुनौती होगा। एलीसा हीली की कप्तानी में खेल रही ऑस्ट्रेलिया के पास एलिसे पैरी, ऐश्ले गार्डनर, ग्रेस हैरिस जैसी स्तरीय ऑलराउंडर हैं। उनके पास तायला व्लेमिंक और डॉर्सी ब्राउन जैसी तेज गेंदबाज भी हैं। ग्रुप ए में मजबूत टीम हैं। श्रीलंका, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान भी किसी को हराने का दम रखती हैं। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए प्रवेश करेंगी। ग्रुप बी में इंग्लैंड को मजबूत माना जा रहा है। उनके पास नेट शिवर ब्रंट जैसी हरफनमौला और सोफी एक्लेस्टेन, चार्ली डीन, साराह ग्लेन जैसी स्पिनर भी हैं। इंग्लैंड एशेज में ऑस्ट्रेलिया को हराकर उत्साहित भी है।

टी-20 विश्व कप में भारतीय क्रिकेटर

क्रिकेटर मैच रन शतक/अर्धशतक औसत विकेट
हरमनप्रीत कौर 35 576 1/2 20.57 11
स्मृति मंधाना 21 449 0/3 22.45 0
जेमिमा रोड्रिग्स 15 339 0/2 26.07 0
शैफाली वर्मा 10 265 0/0 26.50 0
दीप्ति शर्मा 15 169 0/0 24.14 15

टी-20 विश्व कप के विजेता

ऑस्ट्रेलिया-छह बार

इंग्लैंड-एक बार

वेस्टइंडीज-एक बार

स्मृति मंधाना ने कहा, ‘विश्व कप में हर मैच महत्वपूर्ण है, इसके लिए आपको अपना सौ प्रतिशत देना होगा। न्यूजीलैंड और श्रीलंका मजबूत टीमें हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ऐसी टीम है, जिसके खिलाफ गलती करने का जोखिम नहीं उठाया जा सकता है। उन पर विजय पाने के लिए आपको उस दिन अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा। ऑस्ट्रेलिया का सामना करते समय हमेशा जोश बना रहता है, क्योंकि यह एक बहुत अच्छी टीम है और उन्हें हराना बड़ी चुनौती है। भारत-पाकिस्तान मैच में भावनाएं कुछ ज्यादा हावी होंगी।’

महिला टी20 विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

साल खिलाड़ी देश प्रदर्शन
2009 क्लेयर टेलर इंग्लैंड 199 रन
2010 निकोला ब्राउन न्यूजीलैंड 9 विकेट
2012 चार्लोट एडवर्ड्स इंग्लैंड 172 रन
2014 आन्या श्रब्सोल इंग्लैंड 13 विकेट
2016 स्टेफनी टेलर वेस्टइंडीज 246 रन और 8 विकेट
2018 एलीसा हीली ऑस्ट्रेलिया 225 रन
2020 बेथ मूनी ऑस्ट्रेलिया 259 रन
2023 ऐश्ले गार्डनर ऑस्ट्रेलिया 110 रन और 10 विकेट

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

#WomenT20WorldCup, #teams, #India, #contender, #india, #Dubai, #cricket, #T20WorldCup, #bharat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version