Crime

13 वर्षीय बेटी ने पिता पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, मेडिकल जांच में हुआ खुलासा, आरोपी गिरफ्तार….

Published

on

हल्द्वानी: मुखानी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई है। एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की, जो सातवीं कक्षा की छात्रा है, उसने अपने ही पिता पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी दिनेश जोशी ने बताया कि पीड़िता की मां ने अपने पति के खिलाफ तहरीर दी थी, जिसमें उसने आरोप लगाया कि उसकी गैरमौजूदगी में उसके पति ने बेटी के साथ जबरदस्ती की। पहले इस मामले को माता-पिता के बीच विवाद का नतीजा माना जा रहा था, लेकिन जब पुलिस ने जांच की, तो पिता की हैवानियत सामने आ गई।

पुलिस द्वारा करवाई गई मेडिकल जांच में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि पीड़िता के शरीर पर चोटों के कई निशान थे, जो उसके साथ हुई हिंसा की ओर इशारा करते हैं। नाबालिग ने बताया कि पिता ने घटना का जिक्र किसी से करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।

घटना तब उजागर हुई जब पीड़िता ने अपनी मां को पूरी आपबीती बताई। मां ने जब पति से इस बारे में पूछा तो उसने पहले आरोपों से इनकार किया, और फिर कहानी गढ़ते हुए कहा कि बेटी उसके मोबाइल में कोई अश्लील वीडियो देख रही थी, इस पर गुस्से में आकर उसने बेटी को पीट दिया। लेकिन जब मेडिकल परीक्षण हुआ, तो सच सामने आ गया।

पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित IPC की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की विवेचना महिला सब इंस्पेक्टर को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि वह इस मामले में हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और पीड़िता को हर संभव कानूनी और मानसिक सहायता भी दी जा रही है।

#Minorrapecase #Fatherarrested #POCSO Act #Medicalconfirmation #Uttarakhandcrimenews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version