Roorkee

रात में गेस्ट हाउस पहुंचा यूट्यूबर, सुबह मिली मौत की खबर, वीडियो कॉल से खुलेंगे राज?

Published

on

Roorkee News : हरिद्वार जिले में रुड़की के नजदीक पिरान कलियर थाना क्षेत्र में एक 32 वर्षीय यूट्यूबर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के निराना गांव निवासी आतिफ के रूप में हुई है। उसका शव एक गेस्ट हाउस के कमरे में मिला। मामले में सामने आई कथित वीडियो कॉल की जानकारी के बाद पुलिस मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

रात में गेस्ट हाउस पहुंचा यूट्यूबर, सुबह मिली मौत की खबर

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आतिफ मुजफ्फरनगर में किराये के कमरे में रहता था। बताया जा रहा है कि वह वहां एक युवती और उसके भाई के साथ रहता था। ये तीनों ही यूट्यूब से जुड़े हुए थे। युवती और आतिफ के बीच किसी बात को लेकर नाराजगी होने की बात भी सामने आई है।

युवती से नाराज होकर कलियर पहुंचने की चर्चा

बताया जा रहा है कि 14 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे आतिफ पिरान कलियर पहुंचा था, जहां उसने एक गेस्ट हाउस में कमरा लिया। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने उसे वीडियो कॉल की। इस दौरान हुई बातचीत को लेकर दावा किया जा रहा है कि आतिफ ने जान देने की बात कही थी।

जानकारी के अनुसार, युवती ने दूसरे मोबाइल के माध्यम से अपने भाई को भी वीडियो कॉल पर घटनाक्रम दिखाया। इसके बाद भाई ने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर परिजनों को भेज दिया। स्क्रीनशॉट देखने के बाद आतिफ के परिवार को उसकी चिंता हुई और परिजन तत्काल कलियर पहुंच गए।

Roorkee News

गेस्ट हाउस के कमरे में मिला शव

परिजनों ने कलियर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने लोकेशन के आधार पर संबंधित गेस्ट हाउस पहुंचकर कमरे की जांच की, जहां आतिफ का शव मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के मुताबिक, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version