Dehradun
कांवड़ मेले में श्रद्धालु की फंसीं सांसें… SSP देहरादून ने बचाई जान, देखें कैसे
देहरादून: आज कांवड़ मेले का अंतिम सोमवार होने के कारण भारी संख्या में डाक कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं के जलाभिषेक के लिए नीलकंठ जाने से ऋषिकेश क्षेत्र में जबरदस्त यातायात दबाव देखने को मिला। खासकर श्यामपुर फाटक पर ट्रेन के गुजरने की वजह से फाटक बंद हो गया, जिससे यहां भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई।
मौके पर यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून स्वयं पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश के साथ पहुंचे और यातायात को सुचारू रूप से संचालित कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसी दौरान SSP देहरादून की नजर भीड़ में एक बाइक सवार श्रद्धालु पर पड़ी, जो जाम और उमस के कारण लगभग अर्धबेहोश अवस्था में था। SSP देहरादून तुरंत उसके पास पहुंचे, गिरती हुई मोटरसाइकिल को संभाला और श्रद्धालु को सुरक्षित नीचे उतारा।
बताया गया कि श्रद्धालु का बीपी लो हो गया था, जिससे वह लगभग बेहोशी की हालत में था। SSP ने खुद उसे नींबू पानी और अन्य पेय पदार्थ पिलाकर प्राथमिक उपचार दिया और तुरंत एम्बुलेंस बुलवाकर उसे नजदीकी अस्पताल भेजा। इस दौरान SSP देहरादून ने श्रद्धालु की बाइक को खुद सड़क किनारे धकेलकर सुरक्षित पार्क किया और ट्रैफिक व्यवस्था को फिर से दुरुस्त कराया।
मौके पर मौजूद अधिकारियों को SSP ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान हर श्रद्धालु की हर संभव मदद की जाए और किसी भी तरह की हुड़दंग या कानून तोड़ने की कोशिश पर सख्ती से कार्रवाई की जाए।