Dehradun

केम्पटी फॉल के पास पेट्रोल-डीजल से भरा ट्रक खाई में गिरा

Published

on

मसूरी: मसूरी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल केम्पटी फॉल के पास शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब पेट्रोल और डीजल से भरा एक भारी ट्रक पेट्रोल पंप के सामने अचानक खाई में जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद ट्रक के ईंधन टैंक फट गए और पेट्रोल-डीजल का तीव्र रिसाव शुरू हो गया…जिससे पूरे इलाके में आग लगने का खतरा मंडराने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक देहरादून से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति लेकर आया था और केम्पटी स्थित पेट्रोल पंप पर रुका था। चालक ने ट्रक को हैंड ब्रेक लगाकर खड़ा किया और पंप की ओर चला गया। लेकिन तभी ट्रक अचानक धीरे-धीरे पीछे की ओर खिसकता हुआ खाई में गिर गया।

खाई में गिरने से ट्रक के टैंक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और ईंधन तेजी से बहने लगा। पूरे इलाके में पेट्रोल की तीखी गंध और वाष्प फैल गई जिससे दमघोंटू माहौल बन गया। पेट्रोल-डीजल की धारा सड़क तक पहुंचने लगी…जिससे लोगों में भय और अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही केम्पटी पुलिस और मसूरी फायर सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर सर्विस ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया और संभावित आग के खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया। चूंकि दीपावली का समय चल रहा है फायर अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई पटाखा या चिंगारी रिसाव वाले क्षेत्र में गिरती…तो भयंकर विस्फोट हो सकता था।

फायर ऑफिसर धीरज तडियाल ने बताया कि अगर यही हादसा दीपावली की रात को हुआ होता तो एक किलोमीटर के दायरे में भारी तबाही हो सकती थी। सौभाग्य से समय पर कार्रवाई हुई और कोई जनहानि नहीं हुई। फायर टीम ने विशेष पाइपों की मदद से ट्रक से ईंधन को एक अन्य खाली टैंकर में स्थानांतरित करना शुरू किया…ताकि रिसाव को रोका जा सके और कोई चिंगारी या घर्षण से आग न लगे।

इस बीच पुलिस ने ट्रक चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि या तो हैंड ब्रेक पूरी तरह नहीं लगा था या फिर ट्रक में तकनीकी खामी हो सकती है। मामले की विस्तृत जांच तकनीकी विशेषज्ञों की सहायता से की जा रही है।

स्थानीय प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया…लेकिन इस घटना ने ईंधन ढोने वाले वाहनों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version