Rudraprayag
उत्तराखंड में पलायन की मार, बुजुर्ग की मौत के बाद शव को कंधा देने भी दूसरे गांव से आए लोग
पलायन को कम करने के सरकार लगातार दावे कर रही है लेकिन आए दिन उत्तराखंड के गांवों से ऐसी तस्वीरें सामने आती हैं तो सभी को झकझोर कर रख देती हैं। कभी स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में किसी की मौत हो जाती है तो कभी शिक्षा के लिए बच्चे जान जोखिम में डालकर स्कूल जाते नजर आते हैं। लेकिन इस बार जो तस्वीर सामने आई उसने हर किसी को हैरान कर दिया। रूद्रप्रयाग जिले के एक गांव में वृद्धा की मौत हो गई। लेकिन शव को उठाने के लिए चार लोग भी नहीं मिले। ऐसे में एक दिन इंतजार कर अंतिम संस्कार के लिए अगली सुबह दूसरे गांव से लोग बुलाए गए।
बुजुर्ग की मौत के बाद शव उठाने के लिए दूसरे गांव से आए लोग
रूद्रप्रयाग के कांडई का ल्वेगढ़ गांव में पलायन की मार ऐसी पड़ी कि एक वृद्धा की मौत पर उसके शव को कंधा देने के लिए दूसरे गांव से लोगों को बुलाना पड़ा। मिली जानकारी के मुताबिक गांव में दो दिन पहले एक वृद्धा की मौत हो गई। लेकिन उसके शव को घाट तक ले जाने के लिए चार कंधे भी गांव में नहीं मिले। जब इसकी जानकारी पास के गांव वालों को मिली तो लोग वहां पहुंचे। जिसके बाद वृद्धा की मौत के एक दिन बाद उसका अंतिम संस्कार किया जा सका। इस घटना के बाद से हर कोई हैरान है।
सुविधाएं ना मिलने के कारण खाली हो गया है गांव
दरअसल कांडई ग्राम पंचायत का ल्वेगढ़ गांव में मूलभूत सुविधाएं तक नहीं है। जिस कारण लगातार पलायन की मार पड़ी और धीरे-धीरे पूरा गांव ही खाली हो गया है। कभी इस गांव में 15 से 16 परिवार रहते थे लेकिन अब इस गांव में तीन महिलाएं और एक पुरूष रह गए हैं। कांडई के ग्राम प्रधान संजय पांडे और पास की ग्राम पंचायत सुनाऊं के प्रधान पुष्कर सिंह बिष्ट ने बताया कि दो दिन पहले गांव में वृद्धा सीता देवी (90) की मृत्यु हो गई। मृतक का बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ है। ऐसे में महिला की अंतिम संस्कार उस दिन नहीं हो पाया। गांव में उनके शव को कंधा देने के लिए लोग नहीं थे। इसकी जानकारी मिली तो पास के गांव से लोग वहां पहुंचे उसके बाद वृद्धा का अंतिम संस्कार हो पाया।