Breakingnews
GIC मेदनीपुर में 12वीं के सभी छात्र फेल, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल..
देहरादून : देहरादून के राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) मेदनीपुर, बद्रीपुर में कक्षा 12वीं के सभी छात्र फेल हो गए हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस स्कूल में कक्षा 12 में कुल 22 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, लेकिन एक भी छात्र पास नहीं हो सका। वहीं, इसी विद्यालय की कक्षा 10 में पढ़ने वाले 66 में से 62 छात्र पास हुए हैं।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि स्कूल में 12वीं के लिए केवल विज्ञान (PCM) विषय ही उपलब्ध है। अन्य विकल्प न होने के कारण छात्रों को मजबूरी में यह विषय चुनना पड़ा, जबकि अधिकांश छात्र कला विषय पढ़ना चाहते थे। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलते छात्र अन्य स्कूलों में भी नहीं जा सके, और स्कूल प्रशासन ने भी छात्र संख्या शून्य न हो इसलिए उन्हें दाखिला दे दिया।
2016 से लंबित है कला संकाय की मांग
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, वर्ष 2016 से लगातार कला विषयों के संचालन की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक मंजूरी नहीं मिली। यह ब्लॉक का एकमात्र विद्यालय है जहां कला संकाय नहीं है, जिससे छात्रों के समक्ष सीमित विकल्प रह जाते हैं।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल ने कहा, “जिन विद्यालयों का परिणाम खराब रहा है, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। मेदनीपुर स्कूल में केवल विज्ञान विषय होने की जानकारी मिली है। कमजोर छात्रों को भी विज्ञान पढ़ना पड़ रहा है, जो परिणाम खराब होने का बड़ा कारण है। कला विषय शुरू करने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।”