Almora

अल्मोड़ा: पानी के लिए जूझ रहे द्वाराहाट सहित आसपास के 12 गांव, महिलाओं ने खाली बर्तन के साथ हाइवे किया जाम,सैकड़ों यात्री फंसे।

Published

on

अल्मोड़ा – अल्मोड़ा के द्वाराहाट में चार दिन से पानी के लिए जूझ रहीं द्वाराहाट सहित आसपास के 12 गांवों की महिलाओं का आखिरकार हौसला जवाब दे गया। महिलाएं जलापूर्ति सुचारू करने की मांग पर खाली बर्तनों के साथ जल संस्थान कार्यालय पहुंची लेकिन वहां कोई अधिकारी न मिलने पर उनका गुस्सा बढ़ गया। आक्रोशित महिलाओं ने खाली बर्तनों के साथ द्वाराहाट-बद्रीनाथ हाईवे जाम कर दिया। इससे प्रशासन के अधिकारियों का पसीना छूट गया। लिखित आश्वासन के बाद महिलाएं सड़क से उठीं। दो घंटे तक हाईवे जाम होने से सैकड़ों यात्री फंसे रहे।

द्वाराहाट नगर सहित गवाड़, कोटीला, ध्याड़ी, बमनपुरी, सलालखोला, भुमकिया, जामड़ समेत आसपास के 12 से अधिक गांवों की प्यास बुझाने वाली रामगंगा पंपिंग योजना का ट्रांसफार्मर फुंकने से बीते चार दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। पेयजल संकट से परेशान महिलाएं मंगलवार को खाली बर्तनों के साथ जल संस्थान कार्यालय पहुंची। यहां कोई अधिकारी न मिलने पर महिलाओं ने मुख्य चौराहे पर पहुंच कर द्वाराहाट-बद्रीनाथ हाईवे जाम कर दिया और नारेबाजी करते हुए वहीं धरने बैठ गईं। हाईवे जाम करने की सूचना पर अधिकारियों के पसीने छूट गए और वे मौके की तरफ दौड़े।

एसडीएम सुनील कुमार, तहसीलदार तितिक्षा जोशी और जल संस्थान के ईई सुरेश ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को हाईवे से उठने की बात कर समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शीघ्र जलापूर्ति सुचारू करने की मांग पर अड़ी रहीं। उन्होंने कहा कि आए दिन जलापूर्ति ठप रहने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घर का कामकाज छोड़कर उनका अधिकतर समय प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोने में बीत रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। बाद में जल संस्थान के ईई की ओर से जल्द जलापूर्ति सुचारू करने, रोस्टर के हिसाब से पानी बांटने, जलापूर्ति ठप होने पर टैंकर से आपूर्ति करने का लिखित आश्वासन देने पर महिलाएं हाईवे से उठीं। दो घंटे बाद हाईवे खुलने से सभी ने राहत की सांस ली।

हाईवे जाम होने से सैकड़ों वाहन, पर्यटक और यात्री फंसे रहे। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही और यात्रियों को इनमें बैठकर जाम खुलने का इंतजार करना पड़ा। जब महिलाएं हाईवे से उठीं तो वाहनों की आवाजाही शुरू कराने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

भाजपा के मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र मठपाल के नेतृत्व में क्षेत्र के लोगों ने एसडीएम के माध्यम से डीएम को ज्ञापन देकर लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कहा कि क्षेत्र में अवैध कनेक्शन दिए गए हैं। कई लोगों ने मुख्य लाइन में पंप लगाए हैं। जल संस्थान के ईई सुरेश ठाकुर ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

द्वाराहाट एसडीएम,सुनील कुमार ने कहा कि जलापूर्ति ठप रहने से नाराज महिलाओं ने हाईवे जाम किया था। मौके पर जाकर महिलाओं को समझाया गया। जल संस्थान को जल्द व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए हैं।

विधायक द्वाराहाट,मदन बिष्ट  ने कहा कि जल जीवन मिशन योजना में भारी अनियमितताएं बरती गई हैं, इस मामले को सदन में उठाया गया है। विभागीय अधिकारियों को पूर्व में व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए थे। क्षेत्र में पानी की समस्या का समाधान पिंडर नदी से ही संभव है। मामले में वह सीएम से मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version