Breakingnews

शीतकाल के लिए बंद हुए आदि केदारेश्वर और शंकराचार्य मंदिर, इस दिन बंद होंगे बद्रीनाथ धाम के कपाट

Published

on

Chamoli News : विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में शीतकालीन कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत पंच पूजाएं जारी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पंच पूजाओं के दूसरे दिन श्री आदि केदारेश्वर मंदिर और आदिगुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अब 16 नवंबर को बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तैयारी है।

शीतकाल के लिए बंद हुए आदि केदारेश्वर और शंकराचार्य मंदिर

शुक्रवार दोपहर 2:15 बजे बद्रीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने आदि केदारेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान भगवान को पके चावलों का भोग लगाया गया। आरती और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए।

दोपहर 2:30 बजे आदिगुरु शंकराचार्य मंदिर में पूजा-अर्चना की गई और वहां के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस धार्मिक आयोजन में मंदिर के नायब रावल, धर्माधिकारी, पुजारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Chamoli News

14 नवंबर को पंच पूजाओं के तीसरे दिन होगी खड्ग-पुस्तक पूजा

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार, 14 नवंबर को पंच पूजाओं के तीसरे दिन खड्ग-पुस्तक पूजा होगी। इसके साथ ही वेद ऋचाओं का वाचन भी बंद कर दिया जाएगा। 15 नवंबर को मां लक्ष्मी को भगवान बदरी विशाल के मंदिर में विराजमान होने का निमंत्रण दिया जाएगा।

16 नवंबर को बंद होंगे बद्रीनाथ धाम के कपाट

इसके बाद 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के साथ ही बदरीनाथ धाम की इस वर्ष की यात्रा का समापन हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version