Champawat
चंपावत में चारा लेने जंगल गई महिला की खाई में गिरकर मौत, परिवार में मचा कोहराम
Champawat News : चंपावत में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां घास लेने गई महिला की पहाड़ी से गिरने के कारण मौत हो गई। महिला की मौत की खबर के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया है।
Table of Contents
चारा लेने जंगल गई महिला की खाई में गिरकर मौत
उत्तराखंड के चंपावत जिले में एक दर्दनाक हादसे में 48 वर्षीय महिला की जान चली गई। महिला पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वो गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थीं मृतका
जानकारी के अनुसार, घटना जिले की दूरस्थ ग्राम पंचायत पछनई की है। बुधवार देर शाम गांव निवासी रेवी देवी (48), पत्नी केदार सिंह, अपनी साथी कलावती देवी के साथ पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से रेवी देवी गहरी खाई में गिर गईं। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल
घटना के बाद साथ गई कलावती देवी ने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस को भी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही चल्थी चौकी प्रभारी राजेश कठायत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
बताया गया कि रेवी देवी के चार बच्चे हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।