Dehradun

मुख्यमंत्री धामी ने किया हेली सेवा का शुभारंभ, अब मिनटों में तय होगी पिथौरागढ़ से मुनस्यारी और हल्द्वानी से अल्मोड़ा की दूरी

Published

on

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के तहत पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ और हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी हवाई सेवाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सेवाओं के शुरू होने से राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और लोगों को तेज, सुरक्षित एवं सुलभ यात्रा का विकल्प मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी उत्तराखंड के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल हैं। इन स्थानों की प्राकृतिक सुंदरता और विरासत देश-दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करती रही है। हेली सेवा शुरू होने से अब पर्यटक भी आसानी से इन जगहों तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने बताया कि हल्द्वानी से अल्मोड़ा की यात्रा जो अब तक 3-4 घंटे में होती थी, अब कुछ ही मिनटों में पूरी हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई उड़ान योजना ने राज्य में हवाई संपर्क को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। वर्तमान में उत्तराखंड में 18 हेलीपोर्ट्स विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 12 में सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। अब तक गौचर, जोशियाड़ा, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और अब अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों को हेली सेवा से जोड़ा जा चुका है।

ये होगी हेली सेवा की समयसारणी:

पिथौरागढ़ से मुनस्यारी: सुबह 10:30 बजे और दोपहर 1:50 बजे

मुनस्यारी से पिथौरागढ़: सुबह 10:50 बजे और दोपहर 2:10 बजे

हल्द्वानी से अल्मोड़ा: सुबह 11:50 बजे और दोपहर 3:10 बजे

अल्मोड़ा से हल्द्वानी: दोपहर 12:50 बजे और शाम 4:10 बजे

सेवाएं सप्ताह में सातों दिन, दिन में दो बार संचालित होंगी। एक ओर जहां यह सेवाएं स्थानीय लोगों के लिए सहूलियतें बढ़ाएंगी, वहीं पर्यटन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नया जीवन देंगी।

इन सेवाओं का किराया 2500 निर्धारित किया गया है। यात्री https://airheritage.in/
पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं।

कार्यक्रम में युकाडा के सचिव सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष चौहान समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने भविष्य में अन्य दुर्गम क्षेत्रों को भी हेली सेवा से जोड़ने की योजना का संकेत दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version