Dehradun

मुख्यमंत्री धामी ने डिजिटल क्लासरूम शुरू किया, 24 स्कूलों के डिजिटलाइजेशन व सीएसआर एमओयू किए

Published

on

देहरादून: मुख्यमंत्री ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उत्तराखण्ड सीएसआर डायलॉग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने आदर्श ग्राम सारकोट के प्राथमिक विद्यालय में डिजिटल क्लासरूम का वर्चुअल शुभारंभ किया। साथ ही एक्सिस बैंक समूह के साथ 24 विद्यालयों के डिजिटलाइजेशन और टोयटा के साथ पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामुदायिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत सहयोग के लिए एमओयू भी किए।

उन्होंने कहा कि देश के प्रतिष्ठित कॉर्पोरेट घराने उत्तराखण्ड में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपना योगदान दे रहे हैं। आईआईएफसीएल, मैनकाइंड, अवाना फाउंडेशन, टोयटा, नेस्ले, टीएचडीसी, आईआरसीटीसी, एचडीएफसी और ब्रिटानिया जैसी संस्थाएं सामाजिक गतिविधियों को सक्रिय रूप से चला रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले, जिनमें से करीब एक लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर आ चुके हैं। औद्योगिक नीति, लॉजिस्टिक नीति, स्टार्टअप नीति और एमएसएमई नीति समेत 30 से अधिक नीतियां लागू कर उद्योगों के लिए बेहतर माहौल बनाया गया है। साथ ही स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं और 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उत्तराखण्ड देश का पहला ऐसा राज्य है जिसने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू किया। सभी सरकारी स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य कर दी गई हैं। पहली बार 12वीं के व्यावसायिक छात्रों के लिए रोजगार मेलों का आयोजन हुआ, जिसमें 146 विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ। साथ ही बुनियादी शिक्षा के लिए ‘राज्य पाठ्यचर्या रूपरेखा’ भी तैयार की गई है।

मुख्यमंत्री ने नकल माफियाओं पर कड़ा रुख अपनाने का भी संकल्प जताया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू है, जिसके चलते पिछले साढ़े चार वर्षों में 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं और 100 से अधिक नकल माफिया सलाखों के पीछे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग युवाओं के भविष्य को ध्वस्त करने की साजिश कर रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें बख्शेगी नहीं।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर, टोयटा के कंट्री हेड विक्रम गुलाटी, सचिव उद्योग विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली सहित कई कंपनियों और संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version