Uttarakhand
उत्तरकाशी के नौगांव में फटा बादल, बाजार जलमग्न, दुकानों में घुसा मलबा
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के नौगांव क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम अचानक बादल फटने की घटना ने क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी। ऊपरी इलाके में बादल फटने से नौगांव खड़ का जलस्तर अचानक उफान पर आ गया, जिससे न केवल बाजार की सड़कें जलमग्न हो गईं, बल्कि पानी और मलबा कई दुकानों के अंदर तक घुस गया।

बाजार क्षेत्र की सड़कें बुरी तरह से पानी से लबालब हो गईं, जिसके चलते आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दुकानदारों का सामान क्षतिग्रस्त हो गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गनीमत रही कि अब तक किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
प्रशासन ने एहतियातन आसपास के कई घरों को खाली करा लिया है और राहत-बचाव कार्यों के लिए टीमें मौके पर तैनात कर दी गई हैं। मौसम विभाग पहले ही उत्तरकाशी समेत तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर चुका था, जिसका असर अब साफ तौर पर देखने को मिल रहा है।
भारी बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बाजार में आवाजाही बंद हो गई है और स्थानीय लोगों से प्रशासन ने अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।