National

Diwali 2026: इस बार दिवाली पर बन रहा खास संयोग, जानें कब होगी लक्ष्मी पूजा

Published

on

Diwali 2026 : दिवाली का पांच दिवसीय महापर्व धनतेरस के साथ शुरू होता है और भाई दूज के साथ इसका समापन होता है। इस दौरान धनतेरस, नरक चतुर्दशी यानी छोटी दिवाली, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज जैसे प्रमुख त्योहार मनाए जाते हैं। इन सभी पर्वों का अपना धार्मिक और पौराणिक महत्व है। इस बार पंचांग के अनुसार कुछ तिथियों को लेकर विशेष स्थिति बन रही है। आइए जानते हैं धनतेरस से लेकर भाई दूज तक सभी त्योहारों की तारीख और उनका महत्व।

धनतेरस कब है? (Dhanteras 2026 Date)

कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस का पर्व मनाया जाता है। इसे धन त्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर देवता की पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर समुद्र मंथन से प्रकट हुए थे। धनतेरस पर प्रदोष काल में दीपदान का विशेष महत्व है। इस दिन लोग सोना, चांदी और नए बर्तनों की खरीदारी को भी शुभ मानते हैं।

छोटी दिवाली और नरक चतुर्दशी (Choti Diwali 2026 Date)

कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को नरक चतुर्दशी या छोटी दिवाली के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष तिथियों के विशेष संयोग के चलते छोटी दिवाली 8 नवंबर, रविवार को मनाई जाएगी। वहीं, 7 नवंबर को हनुमान जयंती का पर्व पड़ रहा है।

पंडित राकेश झा के अनुसार, छोटी दिवाली के दिन घरों में पांच या सात दीपक जलाने की परंपरा है। पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का वध कर उसकी कैद में बंद 16 हजार कन्याओं और अन्य लोगों को मुक्त कराया था। इसी विजय की स्मृति में नरक चतुर्दशी मनाई जाती है।

Diwali 2026

दिवाली कब मनाई जाएगी? (Diwali 2026 Date)

कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि को दीपावली का त्योहार मनाया जाता है। इस बार तिथियों के संयोग के कारण छोटी दिवाली और मुख्य दीपावली दोनों 8 नवंबर, रविवार को मनाई जाएंगी।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीराम रावण पर विजय प्राप्त करने के बाद माता सीता, लक्ष्मण और अपने अन्य साथियों के साथ अयोध्या लौटे थे। उनके स्वागत में अयोध्यावासियों ने दीप जलाए थे। तभी से दीपावली को प्रकाश और खुशियों के पर्व के रूप में मनाने की परंपरा चली आ रही है। इस दिन घरों में दीप जलाए जाते हैं और भगवान गणेश तथा माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है।

गोवर्धन पूजा कब है? (Govardhan Puja 2026 Date)

दिवाली के अगले दिन मनाई जाने वाली गोवर्धन पूजा कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को होती है। इस वर्ष यह पर्व 10 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा।

पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने इसी दिन अपनी छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और उनके पशुओं को भगवान इंद्र के प्रकोप से बचाया था। इस दिन गोवर्धन महाराज की पूजा की जाती है और अन्नकूट का भोग लगाया जाता है। इसके साथ ही कई स्थानों पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा भी की जाती है।

भाई दूज कब है? (Bhai Dooj 2026 Date)

पांच दिवसीय दीपावली महापर्व का समापन भाई दूज के साथ होता है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाने वाला यह त्योहार भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक है। इस बार भाई दूज 11 नवंबर, बुधवार को मनाई जाएगी।

पौराणिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन यमराज अपनी बहन यमुना से मिलने पहुंचे थे। यमुना ने उनका तिलक कर स्वागत किया और उन्हें स्वादिष्ट पकवान खिलाए। तभी से भाई दूज पर बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version