Pauri
सीएम धामी ने विकास की गंगा बहाते हुए पौड़ी को 800 करोड़ की दी सौगात, प्रथम सीडीएस शहीद विपिन रावत की मूर्ति का भी किया अनावरण।
पौड़ी – प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने एक दिवसीय दौरे पर पौड़ी पहुंचे जहां उन्होंने करीब 800 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया पौड़ी के शहीद जसवंत सिंह रांसी मैदान का लोकार्पण किया। जिसके बाद रोड शो से कंडोलिया मंदिर पहुंचे, मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के उत्पाद देखे और उनसे उत्पादों की जानकारी ली। सीएम धामी ने देश के प्रथम सीडीएस शहीद विपिन रावत पार्क के लोकार्पण करने के साथ उनकी मूर्ति का अनावरण किया।

इन स्टॉलों में भीमल पेंटिंग की प्रदर्शनी, पिरूल व खजूर से क्रॉफ्ट निर्माण, मथनी से मठ्ठा निकालने और जांदरा व ओखली का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा सिलक्यारा टनल रेस्क्यू, जी-20 और बीटल्स फेस्टिवल फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम में नौ कन्याओं का पूजन करने के साथ ही एक महिला की गोद भराई और शिशु का अन्नप्राशन संस्कार होगा।
मुख्यमंत्री के हैलीपैड में उतरने के बाद लोक कलाकार परंपरागत संगीत व नृत्य के साथ उनका स्वागत किया। रांसी स्टेडियम से कंडोलिया मैदान तक मुख्यमंत्री के काफिले के आगे कलाकार छोलिया व जौनसारी होलियात नृत्य किया। साथ ही पौड़ी जिले के विभिन्न स्थानों से आए लोक वादक की ढोल की थापों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।
कंडोलिया मैदान में रिसेप्शन व कंट्रोल रूम, आपदा विभाग, मत्स्य पालन विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, वन विभाग, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग, डेयरी विभाग, जिला उद्योग केंद्र, रीप परियोजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, संस्कृति विभाग की ओर से परंपरागत बर्तनों व उपकरणों की प्रदर्शनी एवं आरबीआई के 02 उद्यमियों की ओर से क्रॉफ्ट का स्टॉल लगाया गया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति के साथ जन्दरी और गंज्याली (मूसल) से दाल पीसकर अपने बचपन की स्मृतियों का अनुभव किया।
अपने संबोंधन में मुख्यमंत्री ने केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा नारी सशक्तिकरण के लिए चलायी जा रही योजनाओं, कार्यक्रमों, उपलब्धियों और प्रयासों से अवगत कराते हुए नारी शक्ति को इस पर्वतीय राज्य की रीढ़ कहा। कहा कि चाहे उत्तराखण्ड में महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण देने की बात हो अथवा महिलाओं को उज्ज्वला गैस योजना के लाभ की बात हो ऐसी योजनाओं से आज महिलाएं तेजी से आत्मनिर्भर और सशक्त होकर उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्य बनाने में अपना योगदान दे रही हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग द्वारा तैयार की गयी गंगा पथ पर आधारित ‘‘कॉफी टेबल बुक‘‘ का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री द्वारा कण्डोलिया में ही स्व0 जनरल बिपिन रावत के पार्क का लोकार्पण किया, जहां पर जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा और 101 फीट ऊंचा तिरंगा आकर्षण का केन्द्र रहा। इस दौरान मा0 मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनमानस को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ‘ व ड्रग फ्री देवभूमि-2025 की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कंडोलिया थीम पार्क में महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए अर्बन हाट का निरीक्षण के दौरान महिलाओं के स्वरोजगार के प्रयासों से बेहद खुश नजर आए। हाट में लगाए गए स्टॉलों के भ्रमण के दौरान महिलाओं ने सीएम को उत्पाद चखाए। सीएम के आत्मीय व्यवहार और रोजगार के बारे में बारीकी से जानकारी लिए जाने पर मातृशक्ति प्रफुल्लित नजर आई। हाट में महिलाओं ने मोटे अनाज के उत्पाद, अर्से, पकोड़े, अचार, चटनी और दाल के पकोड़े रखे थे। मातृ शक्ति के अनुरोध पर सीएम ने उत्पादों का स्वाद चखा।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक स्टॉल में जाकर उत्पादों की जानकारी लेने के साथ ही इससे हो रहे लाभ के बारे में सवाल किए। मुख्यमत्री ने महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि मातृशक्ति बहुत बढ़िया काम कर रही हैं। इसका लाभ उनके परिवार सहित प्रदेश को मिलेगा। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने सरकार के वोकल फॉर लोकल के नारे का अनुसरण करते हुए स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया है। वह चाहती हैं कि आत्मनिर्भर बनने के साथ ही स्थानीय उत्पादों का प्रचार-प्रसार हो।
‘‘दिशा ध्याणी, ब्यै-ब्वारी ‘‘ सम्मेलन कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और डॉ0 धन सिंह रावत ने भी प्रतिभाग करते हुए केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा देश-प्रदेश के विकास के किये जा रहे कार्यों से अवगत कराया।
इस दौरान स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, लैंसडाउन विधायक दिलीप रावत और यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजेन्द्र अंथवाल, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डे, महानिरीक्षक गढ़वाल के.एस. नगन्याल, जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ0 आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा पाण्डे, प्रभारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, पूर्व विधायक मुकेश कोहली, निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम सहित बड़ी संख्या में आम जनमानस उपस्थित थे।