Haldwani
सीआरपीएफ जवान को विदेशी महिला से सोशल मिडिया पर दोस्ती करनी पड़ी भारी, 49 हजार की हुई ठगी।
हल्द्वानी – सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र काठगोदाम में तैनात एक जवान से 49 हजार रुपये की ठगी हो गई। जवान ने महिला के खिलाफ काठगोदाम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। सीआरपीएफ कैंप काठगोदाम में तैनात जवान महेंद्र कापड़ी ने पुलिस को बताया कि फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिये उनकी एक महिला से बातचीत हो रही थी। बातचीत का सिलसिला पिछले करीब एक महीने से चल रहा था। महिला ने खुद को लंदन निवासी अमीनिया लैरी बताया था। छह अक्तूबर 2023 की सुबह करीब 10ः30 बजे उनके पास अमीनिया का फोन कॉल पहुंचा और उसने भारत आने की बात कही। इसके कुछ देर बाद दोबारा कॉल आई और हवाई अड्डे पर कस्टम जांच में रोके जाने की बात कहकर 49500 रुपये की मदद मांगी।
भरोसे में आकर महेंद्र कापड़ी ने रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी। कुछ देर बाद दोबारा जब रकम मांगने के लिए फोन पहुंचा तब ठगी का शक हुआ। सीआरपीएफ जवान की तहरीर पर काठगोदाम पुलिस ने ढाई माह बाद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।