Crime
देहरादून: फ्रेंचाइजी के नाम पर सिंगापुर निवासी महिला से 15 लाख की ठगी, मां-बेटे पर केस दर्ज…
देहरादून: डालनवाला कोतवाली क्षेत्र से एक बड़ा ठगी का मामला सामने आया है, जहां मां-बेटे की जोड़ी ने सिंगापुर में रह रही एक महिला को फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता श्वेता शर्मा, निवासी रक्षापुरम, लाडपुर (वर्तमान में सिंगापुर में कार्यरत), ने बताया कि 19 मार्च 2024 को उनकी मुलाकात संदीप सिंह और उसकी मां सिमरन गुरुनानी से देहरादून में हुई थी। दोनों ने उन्हें “चाय-वाय कैफे प्राइवेट लिमिटेड” नामक कंपनी की फ्रेंचाइजी योजना में निवेश कर अच्छा रिटर्न मिलने का झांसा दिया।
इस भरोसे पर दोनों पक्षों के बीच 12 जून 2024 को एग्रीमेंट हुआ। इसके बाद जून से सितंबर के बीच श्वेता शर्मा से 15 लाख रुपये लिए गए। इस राशि से राजपुर रोड पर एक दुकान किराए पर ली गई, लेकिन उसके बाद आरोपी मां-बेटे ने न तो स्टाफ की नियुक्ति की, न ही ट्रेनिंग या सामान की व्यवस्था की।
जब पीड़िता ने संपर्क किया तो उन्हें धमकियां दी जाने लगीं। इसके बाद पीड़िता ने अपने प्रतिनिधि के माध्यम से डालनवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि संदीप सिंह और सिमरन गुरुनानी के खिलाफ धोखाधड़ी व आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
#DehradunFraud #$FranchiseScam #MotherSonAccused #SingaporeNRICheated #DalanwalanPoliceCase