Crime

देहरादून: कांग्रेस नेता की बेटी और उनकी भतीजी के साथ लाखों की धोखाधड़ी, पुलिस ने दर्ज किया मामला…

Published

on

देहरादून: कांग्रेस के पूर्व जिला सचिव ट्विंकल अरोड़ा की बेटी और उनके भाई की बेटी के साथ सिंगापुर में पढ़ाई के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने चंडीगढ़ और पंजाब के तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीड़ित ट्विंकल अरोड़ा ने एसएसपी को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह वीरेंद्र अरोड़ा को पिछले 20 वर्षों से जानते हैं। एक दिन वीरेंद्र ने उन्हें बताया कि सिंगापुर में उसका एक दोस्त है, जो उसकी बेटी को ग्लोबल स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में दाखिला दिलवा सकता है। वीरेंद्र ने भरोसा दिलाया कि उसका दोस्त प्रीतपाल सिंह, जो मोहाली (पंजाब) में रहता है और टूर एंड ट्रैवल्स का काम करता है, मदद करेगा।

इसके बाद वीरेंद्र ने ट्विंकल की बेटी के दस्तावेज़ व्हाट्सएप के जरिए मांगे और बाद में उन्हें सिंगापुर भेजने के लिए 6 लाख 30 हजार रुपये प्रति व्यक्ति का खर्च बताया। ट्विंकल अरोड़ा और उनके भाई ने कुल 12 लाख 12 हजार रुपये उन पर विश्वास कर दे दिए। बाद में, उन्हें कॉलेज का फीस लेटर और वीजा भेजा गया, लेकिन दोनों दस्तावेज़ फर्जी निकले।

जब पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क किया, तो वे उन्हें टालते रहे और रुपये वापस करने से मना कर दिया। पुलिस ने वीरेंद्र अरोड़ा, प्रीतपाल सिंह और रमेश सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली पटेल नगर के प्रभारी हरिओम राज चौहान ने बताया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

#Fraud #Singaporeeducation scam #Congressleader #DehradunPolice #Legalaction

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version