Dehradun
देहरादून: पुलिस के खिलाफ भ्रष्टाचार की सबसे ज्यादा शिकायतें, RTI से हुआ खुलासा….
देहरादून : उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सरकार ने ढाई साल पहले एक टोल-फ्री नंबर 1064 जारी किया था, ताकि आम जनता अपनी शिकायतें दर्ज करा सके। अब एक RTI के जरिए यह खुलासा हुआ है कि इस नंबर पर सबसे ज्यादा शिकायतें पुलिस विभाग के खिलाफ दर्ज की गई हैं।
शिकायतों के आंकड़ों के मुताबिक, 1064 पर अब तक कुल 7800 भ्रष्टाचार की शिकायतें आई हैं। इनमें से 909 शिकायतें पुलिस विभाग के खिलाफ थीं, जो कि सभी विभागों में सबसे ज्यादा हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर राजस्व विभाग है, जिसके खिलाफ 791 शिकायतें दर्ज की गईं। इसके अलावा, ग्राम विकास विभाग के खिलाफ 516 और पेयजल विभाग के खिलाफ 310 शिकायतें प्राप्त हुईं।
इस टोल-फ्री नंबर का उद्देश्य लोगों को आसानी से भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत दर्ज करने का अवसर देना था, और यह नंबर खासतौर पर उन विभागों के खिलाफ शिकायतों को लेकर सक्रिय किया गया था, जहां भ्रष्टाचार की संभावना अधिक बताई जाती है। सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा मांगी गई RTI रिपोर्ट के अनुसार, यह आंकड़े सरकार के लिए एक बड़ा संकेत हैं कि भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए और सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
विजिलेंस विभाग ने इन शिकायतों पर कार्रवाई शुरू कर दी है और यह उम्मीद जताई है कि जल्द ही संबंधित विभागों में सुधार देखा जाएगा। टोल-फ्री नंबर पर मिली शिकायतों ने यह भी साबित किया है कि लोगों को अब भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज उठाने का एक सशक्त मंच मिल गया है।