Dehradun

लोन के बदले मांगी थी 9 लाख की रिश्वत, CBI ने बैंक मैनेजर समेत 3 को किया गिरफ्तार

Published

on

Dehradun News : राजधानी देहरादून में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की एंटी करप्शन ब्रांच ने कथित रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के ब्रांच मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 1.80 करोड़ रुपये का लोन मंजूर कराने और उसका भुगतान करवाने के एवज में शिकायतकर्ता से 9 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।

लोन के बदले मांगी थी 9 लाख की रिश्वत

सीबीआई के अनुसार, क्लेमेंटटाउन निवासी एक व्यक्ति ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा में अपनी संपत्ति के आधार पर 1.80 करोड़ रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि लोन स्वीकृत कराने और वितरित कराने के बदले ब्रांच मैनेजर प्रेम रंजन और डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (DSA) के रूप में काम कर रहे तीन निजी व्यक्तियों ने कुल लोन राशि का 5 प्रतिशत यानी 9 लाख रुपये रिश्वत के तौर पर मांगे थे।

CBI ने बैंक मैनेजर समेत 3 को किया गिरफ्तार

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी उससे पहले ही 2.50 लाख रुपये नकद ले चुके थे और बाकी 6.50 लाख रुपये देने का दबाव बना रहे थे। इसके बाद आरोपियों के कहने पर शिकायतकर्ता ने 3.80 लाख और 2.20 लाख रुपये के दो बिना तारीख वाले चेक दिए। साथ ही 50 हजार रुपये नकद देने की बात भी तय हुई।

देर शाम जाल बिछाकर सीबीआई ने की कार्रवाई

मामले में सीबीआई ने 18 नवंबर की देर शाम जाल बिछाकर डीएसए नरेंद्र आर्य को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कथित संलिप्तता के आधार पर बैंक ऑफ बड़ौदा के ब्रांच मैनेजर प्रेम रंजन और एक अन्य डीएसए नीरज राय को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।

सीबीआई ने आरोपियों के आवास पर तलाशी के दौरान कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी भी बरामद की है। तीनों आरोपियों को 19 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया। फिलहाल सीबीआई मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version