Breakingnews
प्रेमनगर में गोकशी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली
Dehradun News : देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में गोकशी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस की शनिवार देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने पल्सर बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पुलिस को पिस्तौल दिखाकर भागने लगे।
Table of Contents
प्रेमनगर में गोकशी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़
पुलिस ने उनका पीछा किया तो दरू चौक से मीठीबेरी की ओर टी-स्टेट क्षेत्र में आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
एक बदमाश के पैर में लगी गोली
घायल आरोपी की पहचान इरशाद (32) पुत्र मोहम्मद जमशेद निवासी ग्राम खजुनावर, थाना फतेहपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए प्रेमनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, फरार आरोपी की पहचान शमीम निवासी ग्राम गंदेबड़ा, थाना फतेहपुर, सहारनपुर के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टी-स्टेट क्षेत्र में कांबिंग कर रही है।

मौके से 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि घायल इरशाद इसी महीने प्रेमनगर थाना क्षेत्र के टी-स्टेट और बिधौली रोड पर हुई गोकशी की घटनाओं में शामिल था। घटनास्थल से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा आरोपियों की पल्सर बाइक, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक रस्सी भी पुलिस के कब्जे में मिली है।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनाक्रम की जानकारी ली और घायल आरोपी से पूछताछ की। फिलहाल फरार आरोपी शमीम की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।