Breakingnews
पौड़ी में भालू के हमले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत, स्थानीय लोगों में आक्रोश
Pauri News : उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में वन्यजीवों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। कहीं गुलदार की दहशत है तो कहीं हाथियों की आवाजाही से ग्रामीण परेशान हैं। इस बीच भालू के हमलों ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला पौड़ी जिले के दुगड्डा ब्लॉक के चरेख गांव का है, जहां भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई महिला की मौत हो गई।
Table of Contents
पौड़ी में भालू के हमले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत
पौड़ी गढ़वाल के चरेख गांव निवासी अंजना देवी पत्नी बनवीर सिंह बीते रोज गांव के नजदीक जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद अन्य महिलाएं मौके पर पहुंचीं और पत्थर फेंककर भालू को भगाने का प्रयास किया। महिलाओं के विरोध के बाद भालू जंगल की ओर भाग गया, लेकिन तब तक अंजना देवी गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं।
अस्पताल ले जाते वक्त महिला ने तोड़ा दम
घायल महिला को उपचार के लिए राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पूर्व ग्राम प्रधान नंदन सिंह रावत ने महिला की मौत की पुष्टि की है। बताया गया कि अंजना देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थीं।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, ग्रामीणों में भालू की दहशत बनी हुई है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में भालुओं की बढ़ती सक्रियता पर रोक लगाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
गौरतलब है कि ठंड की शुरुआत के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ने से मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं सामने आ रही हैं। भालुओं के हमलों ने ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बीच जंगलों में घास और लकड़ी लेने जाने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।