Dehradun
देहरादून: सरकारी राशन दुकानों पर छापेमारी, नमक में मिलावट की जांच शुरू
देहरादून: राजधानी देहरादून में सस्ते गल्ले की दुकानों पर बांटे जा रहे नमक की गुणवत्ता पर उठे सवालों के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। गुरुवार को प्रशासन ने जिले की 19 सरकारी राशन दुकानों पर एक साथ छापेमारी की और नमक के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी को भेजा गया है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि नमक में रेत और अन्य अशुद्धियों की शिकायतें मिली थीं, जिसे गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
किसने, कहां-कहां की छापेमारी?
जिलाधिकारी के आदेश पर एसडीएम सदर, चकराता, विकासनगर, मसूरी और तहसीलदार ऋषिकेश ने अपने-अपने क्षेत्रों में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर एक साथ छापे मारे। सभी दुकानों से नमक के सैंपल एकत्र किए गए हैं।
इस अभियान की निगरानी अपर जिलाधिकारी प्रशासन कर रहे हैं।
वायरल वीडियो बना कारण
इस कार्रवाई की पृष्ठभूमि में हाल ही में वायरल हुआ एक वीडियो भी है, जिसमें एक महिला ने सस्ते गल्ले से मिले नमक में रेत मिलावट की बात कही थी। वीडियो में स्पष्ट तौर पर खराब गुणवत्ता का नमक दिखाई दे रहा था। जिलाधिकारी ने इसी वीडियो को संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश दिए।
पहले भी मिल चुकी हैं शिकायतें
ये कोई पहली बार नहीं है जब सरकारी राशन की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। कुछ महीने पहले भी गल्ले पर खराब अनाज वितरण की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने कई दुकानों पर छापेमारी की थी और अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई भी की गई थी।
अब प्रशासन को खाद्य सुरक्षा विभाग की रिपोर्ट का इंतजार है। जिलाधिकारी ने साफ किया है कि यदि नमक में मिलावट की पुष्टि होती है, तो दोषी दुकानदारों और आपूर्तिकर्ताओं पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।