Haldwani

महादेव के जयकारों से गूंज उठी धर्मनगरी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांवड़ियों के चरण धोकर किया सम्मान, हेलीकाॅप्टर से यात्रियों के ऊपर की पुष्प वर्षा।

Published

on

हरिद्वार – कांवड़ मेला पूरी तरह चरम पर पहुंच चुका है और गंगा घाटों से लेकर हाईवे केसरिया रंग में रंगा नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी आज हरिद्वार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने खुद कांवड़ियों के पैर धोए। इसके बाद हरकी पैड़ी पर माैजूद कांवड़ यात्रियों के ऊपर पुष्प वर्षा की गई।

इस दाैरान हरकी पैड़ी पर कावंड़ यात्री उत्साहित नजर आए। वहीं, धर्मनगरी भी हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठी। कांवड़ियों का स्वागत करने के लिए कई नेता और मंत्री भी सीएम धामी के साथ माैजूद रहे। सीएम धामी ने इस दौरान कई कांवड़ियों से बातचीत कर प्रशासन द्वारा की गयी व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। शिवभक्तों के चेहरों पर दिखा संतुष्टि का भाव साक्षात भगवान शिव के आशीर्वाद की अनुभूति कराता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कांवड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि हरिद्वार पूरे देश की श्रद्धा का केंद्र है। इस पवित्र जगह मां गंगा एवं भगवन भोलेनाथ का विशेष आशीर्वाद है। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा का विशेष महत्व है. राज्य सरकार को कांवड़ियों का स्वागत करने का सौभाग्य मिला है। कांवड़ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाकर सरकार इस यात्रा में कांवड़ियों का सहयोगी बनकर कार्य कर रही है। कांवड़ियों की सेवा करना सभी के लिए पुण्य का काम है।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने कांवड़ यात्रा के लिए विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य कैंप, शौचालय, पार्किंग, टीन शेड, विश्राम स्थल की पर्याप्त व्यवस्था की है. पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष व्यवस्थाओं को और अधिक सुधारा गया है। उन्होंने कहा पिछले वर्ष कांवड़ यात्रा में करीब चार करोड़ से अधिक कांवड़िए उत्तराखंड आए थे। भगवान भोलेनाथ की कृपा से पिछले वर्ष की यात्रा सकुशल संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में कांवड़ियों के उत्तराखंड आने का अनुमान है, जिसके लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आस्था एवं विकास के साथ सनातन संस्कृति के संरक्षण का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा सभी कांवड़ श्रद्धालु गंगा जल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ मेले के सुचारू प्रबंधन के लिए मुख्यमंत्री ने सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यों की भी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version