Dehradun
डीएम सविन बंसल का ऐलान: जनसुरक्षा सबसे ऊपर, 14 फरवरी तक रोड कटिंग नहीं !
देहरादून: जिलाधिकारी ने जनपद में नेशनल खेलों के आयोजन के दौरान 14 फरवरी तक सड़क कटिंग की अनुमति पर रोक लगा दी है। उन्होंने निर्माणदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सड़क कटिंग के बिना साइड परियोजनाओं के कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क कटिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी और ऐसा करने वालों को कठोर सजा का सामना करना पड़ेगा।
जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए कि यदि सड़क पर मलबा, गड्ढे, या क्षतिग्रस्त जल संयोजन पाया जाता है तो संबंधित विभाग कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि सड़क क्रॉसिंग वाले स्थानों पर विद्युत, पेयजल, और सीवर लाइनों के लिए काम 15 फरवरी के बाद केवल रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक ही किया जाएगा।
साथ ही, जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि रात्रि में कार्य खत्म करने के बाद ड्रेनों को बंद किया जाए ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा, जिन कार्यों की पूर्व में अनुमति दी गई है, उन कार्यों के पूर्ण होने के बाद डामरीकरण और अन्य विभागीय कार्य भी पूरे किए जाएं और जहां परिसंपत्तियों को नुकसान हुआ है, उसे ठीक कराया जाए।
निर्माणदायी संस्थाओं को संबंधित विभागों से क्षतिपूर्ति की राशि समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, अधिक्षण अभियंता मुकेश परमार, जल संस्थान, जल निगम, विद्युत और दूर संचार विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।