Almora
कसार देवी की दिव्यता में लीन हुए राज्यपाल गुरमीत सिंह, बोले – यहां आत्मा को छू जाती है शांति
अल्मोड़ा: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने आज अल्मोड़ा जनपद स्थित प्रसिद्ध कसार देवी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने समस्त मानव कल्याण की कामना के साथ मंदिर परिसर में ध्यान भी लगाया और इस दिव्य स्थल की ऊर्जा की सराहना की।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे फिर से इस अद्भुत स्थान पर आने का अवसर मिला। यहां की दिव्यता, शांति और ऊर्जा आत्मा को छू जाती है।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद द्वारा यहां साधना किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थान आध्यात्मिकता और आत्मिक ऊर्जा का अद्वितीय केंद्र है। राज्यपाल ने देश-विदेश के पर्यटकों से इस स्थल की यात्रा करने की अपील की ताकि वे इसकी दिव्यता को स्वयं अनुभव कर सकें।
इस मौके पर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने काकड़ीघाट स्थित ऐतिहासिक ज्ञानवृक्ष (पीपल) पर भी जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और वहां की दिव्यता को आत्मसात किया। उन्होंने कहा, “यह स्थान आत्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण है। यहां आकर विवेकानंद जी की साधना की अनुभूति होती है। इसके अलावा उन्होंने कर्कटेश्वर मंदिर में भी दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों में जागेश्वर धाम, गोलू देवता मंदिर, कटारमल सूर्य मंदिर जैसे कई आध्यात्मिक स्थल हैं, जहां आने से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।
यह भी पढ़े – कौसानी की वादियों में पहुंचे राज्यपाल गुरमीत सिंह, गांधीजी के अनाशक्ति आश्रम में लिखा भावुक संदेश
#KasarDeviTemple #UttarakhandGovernorVisit #SpiritualTourismIndia #SwamiVivekanandaMeditationSite #AlmoraReligiousPlaces