Haldwani

हल्द्वानी: बाहर से ताले लगे घर के अंदर छिपे थे दो परिवार, पुलिस भी रह गई हैरान…

Published

on

हल्द्वानी: नैनीताल जिले में इन दिनों चल रहे बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान के तहत हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक घर के बाहर दो भारी ताले देखकर जब पुलिस को शक हुआ और उन्होंने दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से जवाब मिला—हमने खुद को अंदर से बंद कर रखा है।

पुलिस जब घर के भीतर पहुंची, तो अंदर दो परिवारों के करीब 10 सदस्य मौजूद मिले, जो खुद को ताले के भीतर बंद कर छिपाए बैठे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ये सभी रामपुर (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं और बनभूलपुरा में किराए पर रह रहे थे।

कुमाऊं की आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सत्यापन के दौरान यह पता चला कि इन लोगों ने अवैध रूप से बिजली का कनेक्शन लिया हुआ था, और छापेमारी के डर से खुद को घर में बंद कर लिया था, ताकि लगे कि घर खाली है।

आईजी ने कहा कि घर में रह रहे लोगों के दस्तावेज मंगवाए जा चुके हैं और रामपुर पुलिस से उनकी पृष्ठभूमि की जांच कराई जा रही है। इसके अलावा, विद्युत विभाग को सूचना दे दी गई है और अवैध बिजली उपयोग को लेकर अलग से कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में चल रहा सत्यापन अभियान, अवैध रूप से रह रहे, असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए किया जा रहा है। जैसे ही दस्तावेजों की वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होती है, आगे की कार्रवाई की जाएगी।

#TenantVerification #IllegalElectricity #LockedHouseFound #BannedOccupants #HaldwaniPoliceRaid

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version