Haridwar
हरिद्वार में अब केवल विशेष स्टीकर लगे ई-रिक्शा ही चलेंगे, जानें क्यों लिया गया ये फैसला
Haridwar News : हरिद्वार जिला कार्यालय सभागार में हुई बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा, प्रर्वतन की स्थिति और सुधारात्मक उपायों पर चर्चा हुई। बैठक में बड़ा फैसला लिया गया है। अब हरिद्वार में केवल विशेष स्टीकर लगे ई-रिक्शा ही चलेंगे।
Table of Contents
Haridwar News : अब केवल विशेष स्टीकर लगे ई-रिक्शा ही चलेंगे
हरिद्वार से ट्रैफिक रूल्स को लेकर बड़ी खबर (Haridwar News) सामने आ रही है। अब जिले में केवल विशेष स्टीकर लगे ई-रिक्शा ही चलेंगे। जिला अधिकारी मयूर दीक्षित ने ई-रिक्शा के अनियमित संचालन, यातायात अव्यवस्था और सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर कड़ा रूख दिखाया। जिसके बाद आज हुई बैठक में ये फैसला लिया गया है।
19 जनवरी से 18 फरवरी चलाया जाएगा अभियान
जिलाधिकारी मयूर दिक्षित ने ई-रिक्शा सत्यापन और निरीक्षण की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को स्वीकृति दे दी। इसके अंतर्गत निर्णय लिया गया कि ई-रिक्शा निरीक्षण एवं सत्यापन अभियान दिनांक 19 जनवरी से 18 फरवरी तक हरिद्वार और रुड़की में चलेगा।

सत्यापन के बाद जारी किया जाएगी विशेष स्टीकर
ई-रिक्शा चालकों और स्वामियों को पुलिस सत्यापन कराने के लिए एक माह का समय दिया गया है। 19 जनवरी से प्रतिदिन लगभग 500 ई-रिक्शाओं को चरणबद्ध रूप से भौतिक सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। पुलिस और परिवहन विभाग के सत्यापन के बाद विशेष पहचान स्टीकर जारी किया जाएगा। स्टीकर प्राप्त ई-रिक्शा ही नगर क्षेत्र में संचालन के लिए अधिकृत होंगे। बिना स्टीकर वाले ई-रिक्शा पर कार्रवाई की जाएगी।
निर्धारित जोन में ही हो सकेगा ई-रिक्शा संचालन
आपको बता दें कि अब नगर क्षेत्र को विभिन्न जोनों में बांटा जाएगा। प्रत्येक चालक अपने निर्धारित जोन में ही ई-रिक्शा संचालन कर सकेगा। दूसरे जोन में ई-रिक्शा चलाने पर कार्रवाई होगी। डीएम ने कहा कि यह व्यवस्था ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित करने, अवैध और अनियमित ई-रिक्शाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।