Haridwar
हरिद्वार और रुड़की में GST का बड़ा एक्शन, कई प्रतिष्ठानों पर छापा, 38 लाख जमा
Haridwar News : जीएसटी में अनियमितता की आशंका के चलते हरिद्वार जिले में राज्य कर विभाग की टीम की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। टीम ने रूड़की और हरिद्वार में कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की है।
Table of Contents
हरिद्वार और रुड़की में GST का बड़ा एक्शन
राज्य कर विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को हरिद्वार और रुड़की में पांच प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानों में मौजूद स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने के साथ खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों और विभागीय रिकॉर्ड की भी जांच की। जांच के दौरान रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में अंतर पाए जाने पर टीम ने जरूरी दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिए।
जीएसटी की टीम ने कई प्रतिष्ठानों पर मारा छापा
जानकारी के अनुसार, राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा, सचल दल और ऑडिट इकाई के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। टीम ने बृहस्पतिवार शाम रानीपुर मोड़ स्थित बीकानेर, शिवालिक नगर स्थित बीकानेर और सेठी बेकर्स के अलावा रुड़की के मिल्क बार और बीकानेर प्रतिष्ठान में पहुंचकर जांच की।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध सामान का मिलान रिकॉर्ड में दर्ज स्टॉक से किया। इसके साथ ही खरीद और बिक्री के बिलों की जांच की गई। अधिकारियों ने आईटीसी से संबंधित आंकड़ों और अन्य जीएसटी रिकॉर्ड का भी सत्यापन किया।
डिजिटल रिकॉर्ड कब्जे में लेकर टीम ने जांच की शुरू
विभाग के मुताबिक, जांच में कई स्तर पर रिकॉर्ड से जुड़ी विसंगतियां सामने आईं। इसके बाद टीम ने जीएसटी से संबंधित आवश्यक कागजात और डिजिटल रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी।
उपायुक्त कुलदीप के अनुसार, प्रारंभिक जांच और आकलन के आधार पर पांचों प्रतिष्ठानों से कुल 38.90 लाख रुपये की टैक्स देनदारी सामने आई। कार्रवाई के दौरान ही संबंधित कारोबारियों ने निर्धारित पूरी राशि विभाग के पास जमा करा दी।