Crime
हरिद्वार: कनखल में दिनदहाड़े बाइक सवारों की फायरिंग से सनसनी, CCTV में कैद हुए आरोपी
उत्तराखंड: यहां दिनदहाड़े बाइक सवार युवकों की फायरिंग से मची अफरा-तफरी
हरिद्वार: हरिद्वार के थाना कनखल क्षेत्र में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब दिनदहाड़े बाइक सवार दो युवकों ने खुलेआम फायरिंग कर दी। घटना बंगाली मोड़ और उसके आसपास के इलाके में हुई जहां अचानक हुई गोलीबारी से लोग दहशत में आ गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फायरिंग की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है जिनमें दोनों युवकों को हथियार लहराते और फायर करते हुए साफ देखा जा सकता है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। एसपी सिटी पंकज गैरोला ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह घटना बेहद गंभीर है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। फिलहाल घटनास्थल के आस-पास पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और जांच तेज़ कर दी गई है।