Accident
भीषण सड़क हादसा: पिकअप और बाइक की टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत
हल्द्वानी (काठगोदाम): काठगोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर एनएच-108 पर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गौलापार स्थित कुंवरपुर बागजाला के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक की सामने से आ रही गैस सिलेंडर लदी पिकअप वाहन से टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवक ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनकी बाइक सामने से आ रही पिकअप से आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान
सुभान अंसारी (20), पुत्र रईस अहमद, निवासी बहेड़ी
फिरोज (25), निवासी गिरधरपुर, बहेड़ी (बरेली)
दोनों युवक हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में किराए पर रहकर मजदूरी का काम करते थे।
घटना की सूचना मिलते ही काठगोदाम एसओ पंकज जोशी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पिकअप चालक और क्लीनर को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और जल्दबाजी सामने आई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन हल्द्वानी पहुंच गए हैं। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।