Udham Singh Nagar
बड़ी खबर : काशीपुर में रिश्वतखोरी का बड़ा खुलासा! 20 हजार लेते रंगे हाथ पकड़ा गया जेई
Kashipur News : ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर के कुंडा क्षेत्र में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जसपुर ब्लॉक में तैनात कनिष्ठ अभियंता (जेई) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
Table of Contents
काशीपुर में 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार
सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के अनुसार, एक पंजीकृत ठेकेदार ने भ्रष्टाचार निरोधक हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि जसपुर ब्लॉक में वाटर कूलर लगाने का कार्य पूरा होने के बावजूद भुगतान जारी करने के लिए कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। साथ ही ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर पर भी भुगतान के एवज में 12 हजार रुपये की मांग करने का आरोप लगाया गया।
गोपनीय जांच के बाद बिछाया गया ट्रैप
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने पूरे मामले की गोपनीय जांच कराई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।
रिश्वत लेते ही दबोचा गया आरोपी
पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, सतर्कता टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे अधिकारी पर भी कार्रवाई की तैयारी
विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि मामले में नाम सामने आने के बाद ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।