Haridwar

लोकसभा अध्यक्ष और सीएम धामी ने देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में एआई समिट का किया शुभारंभ

Published

on

हरिद्वार: देवसंस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार में आयोजित इंडियन एआई समिट में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ जिसमें विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या और अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद थे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि आधुनिक युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि एआई का उपयोग विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से हो रहा है, लेकिन इसे आध्यात्मिक मूल्यों के साथ जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने आशा जताई कि एआई के माध्यम से भारत की ज्ञान और संस्कृति विश्व के कोनों तक पहुंचेगी और विज्ञान तथा अध्यात्म का समन्वय भविष्य की पीढ़ी को सशक्त बनाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह सम्मेलन विज्ञान और आध्यात्मिकता के बीच संतुलन स्थापित करने के लिए एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने भारतीय सनातन संस्कृति की वैज्ञानिक दृष्टि की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि यह संस्कृति केवल आस्था नहीं, बल्कि गहन शोध और चिंतन पर आधारित है। धामी ने कहा कि आज एआई तकनीक हमारे जीवन के कई क्षेत्रों जैसे शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, उद्योग आदि में नवाचार का स्रोत बन चुकी है और सही दिशा में इसका उपयोग विकास को गति देगा।

एआई के क्षेत्र में संयुक्त राष्ट्र के विशेष आयोग के एशिया क्षेत्र के कमिश्नर डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि एआई केवल तकनीकी क्षेत्र तक सीमित नहीं है बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और सुरक्षा जैसे कई क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव ला रहा है। साथ ही, उन्होंने नैतिकता, गोपनीयता और डेटा सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी चिंता जताई।

स्विट्जरलैंड से इंटर पार्लियामेंट्री यूनियन के सचिव जनरल मार्टिल चुंगोंग ने वीडियो संदेश के माध्यम से एआई की वैश्विक भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर भारत सरकार के एआई मिशन के सीईओ डॉ. अभिषेक सिंह, एआई विशेषज्ञ रॉबर्ट ट्रैगर, विलियम जोन्स, स्वामी रूपेंद्र प्रकाश, स्टुअर्ट रसेल, जान टैलिन, नालंदा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सचिन चतुर्वेदी समेत कई अन्य विशेषज्ञ भी मौजूद थे।

कार्यक्रम में विधायक मदन कौशिक, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यमंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान, ओम प्रकाश जमदग्नि, सुनील सैनी, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, उपाध्यक्ष एचआरडीए अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे और विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version