Dehradun

उत्तराखंड में मॉनसून नहीं ले रहा विराम, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

Published

on

देहरादून: सितंबर का आधा महीना बीत चुका है….लेकिन उत्तराखंड में मॉनसून का सिलसिला अभी थमने का नाम नहीं ले रहा। लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में भी बारिश से राहत मिलने के आसार कम ही हैं।

गौरतलब है कि अगस्त की शुरुआत से ही राज्य में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली थी। खासकर कुछ इलाकों में एक घंटे के भीतर 60 मिमी से ज्यादा बारिश होने के मामले सामने आए हैं…जिसने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। अब सितंबर के अंत तक भी यह सिलसिला जारी रह सकता है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चंपावत, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में येलो अलर्ट लागू कर दिया गया है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश की भी आशंका जताई गई है।

राज्य में 21 और 22 सितंबर को भी अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। हालांकि कुछ स्थानों पर लोगों को अस्थायी राहत मिल सकती है। इसके बाद 23 से 25 सितंबर तक पहाड़ी जिलों में बारिश जारी रहेगी…जबकि मैदानी इलाकों में मौसम कुछ हद तक साफ रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में नया मौसम तंत्र (वेधर सिस्टम) बनने के कारण उत्तराखंड में फिर से बारिश की संभावनाएं बन रही हैं। हालांकि विभाग ने फिलहाल केवल अगले 6 दिनों का ही पूर्वानुमान जारी किया है।

लगातार हो रही बारिश के चलते पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। आपदा प्रबंधन विभाग ने यात्रियों और स्थानीय निवासियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं, नदी और गदेरों के पास रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने को कहा गया है क्योंकि जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version