Dehradun
विजिलेंस में सुधार के लिए नई रणनीति: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की घोषणा !
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजिलेंस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सर्विलांस, तकनीकी और वित्तीय विशेषज्ञों की एक टीम गठित करने की घोषणा की है। यह कदम आने वाले समय में विवेचनाओं की गुणवत्ता में सुधार लाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा विजिलेंस मुख्यालय में पुलिस अधिकारियों के समक्ष की, जहां वे सत्यनिष्ठा की संस्कृति से राष्ट्र की समृद्धि पर आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ करने पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने विजिलेंस में सराहनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर कहा कि इस सप्ताह का आयोजन लोक प्रशासन को पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने के लिए किया जाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से आग्रह किया कि वे इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए पारदर्शिता से काम करने की शपथ लें।
मुख्यमंत्री ने कहा, “सत्यनिष्ठा की संस्कृति विकसित करने के लिए सभी को सत्य, ईमानदारी, नैतिकता और पारदर्शिता के साथ काम करना होगा।”
इस मौके पर विजिलेंस डायरेक्टर डॉ. वी मुरुगेशन ने जानकारी दी कि 2022 में टोल फ्री नंबर 1064 जारी होने के बाद से अब तक 7800 शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में सतर्कता विभाग ने 66 ट्रैप किए हैं, जिनमें 75 लोगों पर कार्रवाई की गई है।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, अपर मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, गृह सचिव शैलेश बगौली, एडीजी अमित सिन्हा, एडीजी एपी अंशुमान, एसपी विजिलेंस रेनू लोहानी समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
#Vigilance, #Transparency, #Corruption, #AwarenessWeek, #ExpertTeam, #pushkarsinghdhami, #cmdhami, #uttarakhand