Pauri

पौड़ी गढ़वाल में भारी भूस्खलन से तबाही, दो महिलाओं की मौत, मवेशी भी मलबे में दबे

Published

on

Paudi mein do mahila ki maut

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड में बारिश कहर बनकर टूट रही है। बुधवार सुबह पौड़ी जिले के बुरासी गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन में दो महिलाओं की मौत हो गई और कई मवेशी मलबे में दबकर मर गए। गांव में भारी तबाही मची है, वहीं आसपास के इलाकों से भी नुकसान की खबरें आ रही हैं।

Paudi mein do mahila ki maut

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिमला देवी (पत्नी स्व. बलवंत सिंह भंडारी) और आशा देवी (पत्नी स्व. प्रेम सिंह नेगी) बुधवार सुबह अपने घरों में ही थीं, जब अचानक पहाड़ी से आया मलबा उनके घरों में घुस गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

वहीं अमर सिंह का आवासीय भवन और गौशाला भी भूस्खलन की चपेट में आ गया। हादसे में उनके कई मवेशी भी मारे गए। इससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

पास के सैजी गांव में भी कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। लगातार हो रही बारिश से स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है।

जनकल्याण सामाजिक समिति ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताया है और प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को त्वरित राहत और मुआवजा दिया जाए। साथ ही समिति ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।

प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थानीय लोग भी राहत कार्यों में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।

उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में लगातार हो रही बारिश से आपदा का खतरा लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में प्रशासन ने भी लोगों से सावधानी बरतने और खतरे वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version