Dehradun
देह व्यापार का पुलिस ने किया भंडाफोड़, महिला व पुरुष को किया गिरफ्तार।
हल्द्वानी – देह व्यापार चलने की सूचना पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने भट्ट कॉलोनी में छापा मारा। मौके से कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की गई। वहां मौजूद महिला और पुरुष को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक महिला फरार है। टीम ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शनिवार की रात एएचटीयू की टीम को देह व्यापार की सूचना मिली। टीम मुखानी स्थित भट्ट कॉलोनी पहुंची और एक मकान पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही मकान के गेट पर मौजूद महिला भागने लगी। पुलिस ने उसे रोका। घर की छानबीन करने पर वहां एक कमरे में महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। तलाशी लेने पर मकान में बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद हुईं।
एएचटीयू प्रभारी एसआई दीपा जोशी ने बताया कि यूपी के बुलंदशहर निवासी महिला कई माह से हल्द्वानी में रह रही है। यहां वह देह व्यापार का धंधा चला रही थी। पूछताछ में महिला ने आर्थिक तंगी और दबाव में आकर यह काम करने की बात कही। वहीं देह व्यापार के लिए लड़कियों की सप्लाई करने वाली महिला अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। एएचटीयू प्रभारी की तहरीर पर मुखानी पुलिस ने दो महिला व एक पुरुष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।