Dehradun
प्रदेश में मौसम बदलाव की संभावना, पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश के आसार….
देहरादून : उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि मंगलवार को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
तराई के इलाकों में मंगलवार को कोहरे ने अपना प्रभाव दिखाया है। सुबह की शुरुआत घने कोहरे से हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। शीतलहर के कारण लोग सुबह और शाम के समय घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। हालांकि, दिन के समय चटख धूप की स्थिति बन रही है, जिससे लोग गर्मी का आनंद ले रहे हैं। हल्द्वानी और अन्य मैदानी इलाकों में सुबह के वक्त हल्की धुंध छाई रही, जबकि पूरे दिन धूप और बादलों का मिश्रित प्रभाव देखने को मिला।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। हल्द्वानी का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी देहरादून में आसमान साफ रहेगा, लेकिन कुछ स्थानों पर कोहरा लोगों की परेशानियों को बढ़ा सकता है। देहरादून का अधिकतम तापमान 25°C और न्यूनतम तापमान 9°C के आसपास रहने का अनुमान है।