Roorkee
रूड़की के बाजूहेड़ी के पास भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
Roorkee Accident :रुड़की में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। गंगनहर पटरी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
Table of Contents
रूड़की के बाजूहेड़ी में भीषण सड़क हादसा
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। ये दर्दनाक हादसा सोमवार रात करीब पौने 11 बजे कोतवाली रुड़की क्षेत्र के रुड़की-कलियर मार्ग पर बाजूहेड़ी गांव के पास गंगनहर पटरी मार्ग पर हुआ।
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं और आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

दो बाइकों की आमने-सामने की हुई टक्कर
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कोतवाली रुड़की प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हुई है। हादसे में तीन लोगों की मृत्यु हुई है और दो घायल हैं।
मृतकों को अब तक नहीं हो पाई शिनाख्त
मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है।