Accident

रुद्रप्रयाग हादसा: यात्रियों को टेंपो ट्रैवलर अलकनंदा नदी में जा गिरा,13 की मौत, सीएम धामी शाम को एम्स जाकर घायलों का जानेंगे हालचाल।

Published

on

देहरादून – उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में आज शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली नोएडा के यात्रियों को टेंपो ट्रैवलर अलकनंदा नदी में जा गिरा। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 13 घायल है। छह गंभीर घायलों को पांच हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर ऋषिकेश एम्स लाया गया है, जहां एक घायल ने दम तोड़ दिया। जबकि सात अस्पताल में भर्ती है।

दिल्ली नोएडा से 26 यात्रियों को लेकर रात को वाहन निकला था। जानकारी के अनुसार रुद्रप्रयाग शहर से पांच किलोमीटर आगे बदरीनाथ हाईवे पर रैतोली के पास एक टेंपो ट्रैवलर पैरापिट को तोड़ते हुए अलकनंदा नदी में गिर गया। हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।

सूचना पर पुलिस प्रशासन जिला आपदा प्रबंधन, डीडीआरएफ समेत अन्य टीम मौके पर रेस्क्यू के लिए पहुंची। वाहन के नदी में गिरने पर यहां रेलवे लाइन पर काम कर रहे तीन लोग भी यात्रियों को बचाने के लिए कूदे, जिनमें से एक की मौत हो गई।

दुर्घटनाग्रस्त वाहन चारधाम यात्रा का नहीं था। इसलिए वाहन का ट्रिप कार्ड नहीं बनाया गया था। साथ ही यात्रियों का पंजीकरण भी नहीं था। ट्रिप कार्ड व पंजीकरण की बाध्यता सिर्फ चारधाम वाहनों व यात्रियों के लिए है। बताया जा रहा है कि जब ब्रहमपुरी में वाहन को पंजीकरण जांच के लिए रोका गया तो चालक ने चोपता तुंगनाथ ट्रिप पर जाने की बात कही। जिस पर वाहन को चेक पोस्ट से छोड़ दिया गया। वाहन में सभी सवार युवा थे। जो चोपता-तुंगनाथ-चंद्रशिला की ट्रिप पर पर निकले थे। वाहन हरियाणा का था। जिसका एक साल पहले ही पंजीकरण किया गया था। वाहन के सभी दस्तावेज पूर्ण थे। वाहन में यात्री दिल्ली से बैठाए गए थे।

सीएम धामी ने हादसे पर जताया दुख
हादसे के खबर पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टेंपो ट्रैवलर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत पीड़ादायक समाचार प्राप्त हुआ। स्थानीय प्रशासन व एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई है। घायलों को नज़दीकी चिकित्सा केंद्र पर उपचार के लिए भेज दिया गया है। ज़िलाधिकारी को घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। बाबा केदार से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। मुख्यमंत्री शाम 5.45 बजे एम्स, ऋषिकेश जाकर गंभीर घायलों का हालचाल जानेंगे।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने हादसे पर जताया दुःख 

हादसे की खबर पर दुःख जताते हुए राज्यपाल ने कहा कि एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। वाहेगुरु से अरदास है कि दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय कष्ट सहन करने का संबल प्रदान करे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version