Mumbai
भारतीय शेयर बाजार में बिकवाली का दौर जारी , लगातार 8वें दिन लाल निशान के साथ खुला सेंसेक्स और निफ्टी…..
मुंबई : आज भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ खुला। बाजार खुलते ही सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी (Nifty 50) दोनों 1% से ज्यादा गिर गए। सुबह करीब 10 बजे सेंसेक्स 1,027.60 अंक (1.38%) गिरकर 73,584.83 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 315.60 अंक (1.40%) गिरकर 22,229.45 पर ट्रेड कर रहा था।
इस गिरावट के पीछे कई वजहें मानी जा रही हैं, जिनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप का नया टैरिफ ऐलान, विदेशी निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली और भारत के तीसरी तिमाही (Q3) जीडीपी आंकड़े शामिल हैं, जिनका बाजार पर नकारात्मक असर पड़ा है।
प्री-ओपनिंग सेशन में ही बाजार में दबाव
आज के प्री-ओपनिंग सेशन में ही बाजार पर दबाव देखने को मिला। सेंसेक्स 410.66 अंक गिरकर 74,201.77 पर खुला, वहीं निफ्टी 50 भी 111.65 अंक फिसलकर 22,433.40 पर खुला। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ा, और शुरुआती कारोबार में गिरावट और तेज हो गई। सेंसेक्स 753.11 अंक यानी 1.01% की गिरावट के साथ 73,859.32 पर और निफ्टी भी 228.35 अंक यानी 1.01% की गिरावट के साथ 22,316.70 पर ट्रेड कर रहा था।
BSE का कुल मार्केट कैप 6 लाख करोड़ रुपये घटा
शेयर बाजार में गिरावट का असर BSE में लिस्टेड कंपनियों के कुल मार्केट कैप पर भी पड़ा। बाजार की गिरावट की वजह से BSE का कुल मार्केट कैप 5.8 लाख करोड़ रुपये घटकर 387.3 लाख करोड़ रुपये पर आ गया।
लगातार 8वें दिन गिरावट जारी
आज भारतीय शेयर बाजार में लगातार आठवें दिन गिरावट दर्ज की गई है। आज के दिन सेंसेक्स में शामिल प्रमुख कंपनियां जैसे इंडसइंड बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, इंफोसिस, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और मारुति सबसे ज्यादा नुकसान में रही। हालांकि, रिलायंस इंडस्ट्रीज और HDFC बैंक कुछ बढ़त बनाने वाले प्रमुख स्टॉक्स में शामिल रहे।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बिकवाली का असर
बीते दिन गुरुवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 556.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जिसका असर आज के कारोबार में दिखाई दिया। कल सेंसेक्स केवल 10.31 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 74,612.43 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 2.50 अंक गिरकर 22,545.05 पर बंद हुआ था।