Dehradun
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी केवल खुराना का निधन, सीएम धामी और राज्यपाल ने किया शोक व्यक्त….
देहरादून : उत्तराखंड के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी केवल खुराना का निधन हो गया है। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से प्रदेश के पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। सीएम धामी और उत्नेतराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने भी ट्वीट कर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। सीएम ने कहा कि उत्तराखण्ड कैडर के 2005 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी केवल खुराना के असामयिक निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों मे स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
2005 बैच के आईपीएस अधिकारी केवल खुराना ने अपनी सेवाओं के दौरान प्रदेश में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उन्हें उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता के लिए जाना जाता था। वे वर्तमान में होमगार्ड विभाग के IG थे। इसके अलावा, उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों की कमान भी संभाली थी और अपनी कार्यशैली से अलग पहचान बनाई थी।
केवल खुराना को देहरादून की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए भी जाना जाता है। एसएसपी के तौर पर उन्होंने देहरादून की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए थे। इसके अलावा, वे राज्य में पहले ट्रैफिक डायरेक्टर भी बने थे, और उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनके निर्देशन में, 29 फरवरी 2020 को उत्तराखंड ट्रैफिक आई एप (Uttarakhand Traffic Eyes App) का शुभारंभ किया गया था। यह एप मुख्य रूप से यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने और उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने के उद्देश्य से तैयार किया गया था, जिसमें आम लोग भी पुलिस का सहयोग कर सकते थे। वर्तमान में यह एप उत्तराखंड पुलिस एप के साथ इंट्रीग्रेड किया गया है, और जनता के बीच यह एप काफी लोकप्रिय हुआ है।
साल 2022 में केवल खुराना को एफआईसीसीआई स्मार्ट पुलिसिंग अवार्ड (FICCI Smart Policing Award) से सम्मानित किया गया था, जो उनके उत्कृष्ट कार्य और योगदान का प्रतीक था।