Accident
रुड़की में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो लोगों की मौत
रुड़की: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में शनिवार 29 नवंबर को भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया और जमकर हंगामा भी किया।
रुड़की में दर्दनाक सड़क हादसा
जानकारी के मुताबिक रुड़की के पास पिरान कलियर थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो लोग खनन के एक ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गए। घटना आज शुक्रवार 29 नवंबर की है जिसमें बाइक सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में एक ही गांव के दो लोगों की मौत
इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार चंद्र प्रधान (60 वर्ष) और मटरू (40 वर्ष) निवासी इब्राहिमपुर मसाही की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया।
![]()
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने नहीं उठाने दिया शव
हादसे की सूचना मिलते ही रुड़की सीओ नरेंद्र पंत समेत कलियर थाना, गंगनहर कोतवाली रूड़की और बहादराबाद थाना समेत अन्य थानों की पुलिस को मौके पर पहुंची लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने नहीं दिया और मौके पर ही धरने पर बैठ गए।
ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ग्रामीणों को समझा पाई और वो जाम खोलने को राजी हुए। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।