Crime
पौड़ी में दो बड़ी चोरी की घटनाएं, “काले गैंग” के तीन सदस्य गिरफ्तार…
पौड़ी: कण्डोलिया रोड पर दो दुकानों में ताले तोड़कर नकदी और सामान की चोरी के मामले में पुलिस ने “काले गैंग” के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। साथ ही डीआरडीए कॉलोनी से चोरी हुई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
कोतवाली पौड़ी में दर्ज शिकायत के अनुसार, अज्ञात चोरों ने बृज मेडिकल और ज्योति ऑप्टिकल दुकान का ताला तोड़कर नकदी चुराई थी। वहीं एक अन्य शिकायत में प्रेम सिंह चौहान की मोटरसाइकिल चोरी की बात सामने आई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर बनी टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर सोनू रावत, धीरज और तबरेज को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुद को “काले गैंग” का सदस्य बताया, जिसका सरगना गोपाल जुनेजा उर्फ काले इस समय पौड़ी जेल में बंद है।
पुलिस के अनुसार गैंग का सदस्य सोनू रावत पौड़ी का रहने वाला है और पहाड़ी क्षेत्रों से अच्छी तरह वाकिफ है। उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद वे दिल्ली भाग जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
#PauriTheftCase #KaleGangArrested #MedicalStoreRobbery #CCTVInvestigation #BikeTheftPauri