Dehradun
Uttarakhand news : उत्तराखंड एसटीएफ के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, दो वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार
Uttarakhand news : उत्तराखंड एसटीएफ के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। एसटीएफ ने देहरादून जिले के विकासनगर से वन्यजीव अंगों की अवैध तस्करी कर रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
उत्तराखंड एसटीएफ ने दो वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार
उत्तराखंड एसटीएफ द्वारा वन्यजीव अंगों की अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। थाना विकासनगर, देहरादून क्षेत्र से एसटीएफ ने दो वन्यजीव तस्करों को गिरफ़्तार किया है। उनके कब्जे से एक भालू पित्त (वजन 155 ग्राम) और जंगली जानवरों के पांच नाखून बरामद किए गए हैं।
देशभर में वन्यजीव अंगों की अवैध तस्करी के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड, दीपम सेठ द्वारा एसटीएफ को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने अपनी टीमों को सभी तस्करों का रिकॉर्ड तैयार कर उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे।
भालू का पित्त और जंगली जानवरों के नाखून बरामद
प्राप्त मैनुअल सूचना के आधार पर एसटीएफ द्वारा विकसित इनपुट के बाद टीम ने विकासनगर क्षेत्र में यमुनोत्री मार्ग पर हतियारी गाँव से पहले एक मोटरसाइकिल पर संदिग्ध रूप से आते दो व्यक्तियों को रोका। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान भगवान सिंह रावत, पुत्र सूरज सिंह, निवासी ग्राम कांडेयू, थाना विकासनगर और जितेंद्र सिंह पुंडीर, पुत्र स्व. गोविंद सिंह, निवासी ग्राम मदरासु, थाना विकासनगर, देहरादून के रूप में हुई।
तलाशी में भगवान सिंह रावत के कब्जे से भालू का पित्त और जितेंद्र सिंह पुंडीर से जंगली जानवरों के 05 नाखून बरामद हुए। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-1 के अंतर्गत भालू पित्त एवं अन्य वन्यजीव अंगों का शिकार व व्यापार गंभीर दंडनीय अपराध है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना विकासनगर में वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।