big news
5800 रोडवेज कर्मियों को कब मिलेगा वेतन? दो महीने से खाली जेब, शासन से आस
Uttarakhand News : उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों का दो महीने से वेतन लंबित है। वेतन ना मिलने के कारण कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
Table of Contents
5,800 रोडवेज कर्मियों को दो महीने से नहीं मिला वेतन
उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों के सामने वेतन को लेकर बड़ी परेशानी बनी हुई है। जून और जुलाई का वेतन लंबित होने के कारण हजारों कर्मचारियों को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अगस्त का महीना भी समाप्ति की ओर है, लेकिन अभी तक सभी कर्मचारियों को उनका बकाया वेतन नहीं मिल पाया है।
रोडवेज कर्मियों को कब मिलेगी सैलरी ?
परिवहन निगम में करीब 5,800 कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें लगभग 4,000 कर्मचारी एजेंसी और विशेष-संविदा श्रेणी में आते हैं। वहीं करीब 1,800 कर्मचारी नियमित श्रेणी के हैं। वेतन लंबित होने का असर इन सभी कर्मचारियों पर पड़ा है। लगातार भुगतान में देरी के कारण कर्मचारियों की आर्थिक परेशानियां बढ़ रही हैं।

21 करोड़ रुपये का वेतन अभी भी लंबित
वेतन संकट के बीच परिवहन निगम प्रबंधन ने अब कर्मचारियों को भुगतान करना शुरू कर दिया है। पिछले तीन दिनों में करीब 5 करोड़ रुपये का वेतन जारी किया गया है। हालांकि, निगम के कर्मचारियों का लगभग 21 करोड़ रुपये का वेतन अभी भी लंबित बताया जा रहा है।
प्रबंधन की ओर से फिलहाल अलग-अलग श्रेणियों के कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर भुगतान किया जा रहा है। पहले एजेंसी और विशेष-संविदा कर्मचारियों का वेतन जारी किया जा रहा है।
सोमवार तक 85 फीसदी कर्मचारियों को भुगतान का दावा
परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह के मुताबिक, वेतन भुगतान की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है। प्रबंधन का लक्ष्य है कि सोमवार तक करीब 85 प्रतिशत कर्मचारियों को उनका वेतन मिल जाए। पहले एजेंसी और विशेष-संविदा श्रेणी के कर्मचारियों को भुगतान किया जाएगा। इसके बाद नियमित कर्मचारियों के वेतन का भुगतान शुरू किया जाएगा।