Dehradun

नेपाल में हालात को देखते हुए उत्तराखंड में हाई अलर्ट, सीमाओं पर बढ़ेगा चेकिंग अभियान

Published

on

देहरादून: नेपाल में हाल के दिनों में बने राजनीतिक हालातों को देखते हुए उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चंपावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर जनपदों के जिला प्रशासन, सशस्त्र सीमा बल (SSB) और पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।

बैठक के दौरान सीमाओं की सुरक्षा, स्थानीय समुदाय की भागीदारी और खुफिया तंत्र की मजबूती पर गहन चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नेपाल से लगी सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाए जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाए ताकि अफवाहें या भ्रामक जानकारियां फैलने से रोका जा सके। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि वे SSB और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ सतत संपर्क और समन्वय बनाकर काम करें।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सीमावर्ती इलाकों में स्थानीय ग्रामीणों, ग्राम समितियों, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों की सामूहिक भागीदारी से निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। सीमा से लगे प्रवेश मार्गों की नियमित मॉनिटरिंग करने और सीमा पार से आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

भारत सरकार की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पूरी सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया, साथ ही जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, प्रमुख सचिव (गृह), एडीजी लॉ एंड ऑर्डर, एडीजी इंटेलिजेंस, कुमाऊं मंडलायुक्त, कुमाऊं परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक और तीनों सीमावर्ती जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व SSB के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version