Dehradun

गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड में नही, भारत पर्व में शामिल होगी उत्तराखंड की झांकी…थीम पर हो रहा काम।

Published

on

देहरादून – गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड में इस बार उत्तराखंड की झांकी नजर नहीं आएगी। इसकी जगह 23 से 31 जनवरी तक लाल किले में आयोजित होने वाले भारत पर्व में उत्तराखंड की झांकी को शामिल किया जाएगा। विकसित उत्तराखंड की थीम पर झांकी तैयार की जा रही है। बीते वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में उत्तराखंड की मानसखंड झांकी को पहला स्थान मिला था।

केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने वाली झांकियों का तीन साल का रोस्टर तैयार किया है। जिससे सभी राज्यों को अपनी झांकियां प्रस्तुत करने का मौका मिल सके। पिछले तीन साल से लगातार उत्तराखंड की झांकी गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल हो रही थी, लेकिन इस बार उत्तराखंड को मौका नहीं मिला है। हालांकि केंद्र सरकार की ओर से 23 से 31 जनवरी तक होने वाले भारत पर्व में उत्तराखंड की झांकी होगी।

सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग ने झांकी का मॉडल तैयार कर लिया है। इसकी थीम विकसित उत्तराखंड होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इक्कीसवीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बताया है। देवभूमि उत्तराखंड में विकसित भारत के तहत ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, होम स्टे, रोपवे पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। झांकी के अग्र भाग में पारंपरिक वेशभूषा में उत्तराखंडी महिला को स्वागत करते हुए दिखाया जाएगा। इसके साथ ही पारंपरिक अनाज मंडुवा, झंगोरा, रामदाना व चौलाई की खेती व राज्य पक्षी मोनाल को प्रदर्शित किया गया। झांकी के मध्य भाग में होम स्टे को दिखाया गया है।

पहाड़ों में होमस्टे योजना से हजारों ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2023 में पिथौरागढ़ जिले के सरमोली गांव को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव घोषित किया था। साथ ही लखपति दीदी योजना से उत्तराखंड में महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही है। स्वयं सहायता समूह में काम करते हुए स्थानीय महिलाओं व सुदूर पहाड़ों में सौर ऊर्जा व मोबाइल टावर को दिखाया गया है।

झांकी के आखिरी भाग में ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, रोपवे व भारत के प्रथम गांव माणा के लिए रोड कनेक्टिविटी को दर्शाया गया है। झांकी के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य करते हुए कलाकार हैं।

उत्तराखंड की झांकी इस बार गणतंत्र दिवस परेड की बजाय भारत पर्व में दिखाई देगी। विकसित उत्तराखंड की थीम पर झांकी का मॉडल तैयार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version