Uttarakhand
उत्तरकाशी: रामलीला मैदान में मस्जिद विवाद पर महापंचायत का आयोजन, पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की !
उत्तरकाशी – उत्तरकाशी के रामलीला मैदान में आज देवभूमि विचार मंच की ओर से मस्जिद विवाद को लेकर महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। इस महापंचायत में शामिल होने के लिए हिंदूवादी नेता और हैदराबाद के विधायक टी राजा भी पहुंचे हैं। आयोजन को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और पुलिस ने शहर को सात जोन और 15 सेक्टर में बांटकर यातायात डायवर्ट करने के साथ-साथ फ्लैग मार्च भी निकाला।
उत्तरकाशी में पिछले चार महीनों से मस्जिद विवाद सुलझता हुआ नजर नहीं आ रहा है। इससे पहले 24 अक्टूबर को संयुक्त सनातन धर्म रक्षक संघ ने मस्जिद के खिलाफ जनाक्रोश रैली का आयोजन किया था, जिसमें पथराव और लाठीचार्ज की घटना हुई थी। इस घटना में नौ पुलिसकर्मी और 27 अन्य लोग घायल हो गए थे। इसके बाद अब विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के आह्वान पर देवभूमि विचार मंच महापंचायत का आयोजन कर रहा है।
महापंचायत की अनुमति प्रशासन ने शुक्रवार शाम सशर्त दी थी, जिसके बाद आयोजकों ने शनिवार से मंच तैयार करने और अन्य व्यवस्थाओं पर काम करना शुरू कर दिया था।
मंच के संयोजक कीर्ति सिंह ने बताया कि महापंचायत में टी राजा के अलावा स्वामी दर्शन भारती और विहिप, बजरंग दल के बड़े नेता भी शामिल होंगे। इस आयोजन में धर्म, संस्कृति और हिंदू समाज के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की संभावना है।
महापंचायत के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कड़ी तैयारी की है। उत्तरकाशी की एसपी सरिता डोबाल ने पुलिस अधिकारियों को ब्रीफ करते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। इसके साथ ही शहर में सुरक्षा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। महापंचायत स्थल पर ड्रोन और अन्य वीडियोग्राफी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने कहा है कि पथराव और हिंसा की घटना को रोकने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे।
महापंचायत के लिए विशेष पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिसमें टिहरी के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) जेआर जोशी सहित 4 सीओ, 9 इंस्पेक्टर, 5 सब-इंस्पेक्टर, 9 सहायक सब इंस्पेक्टर और दो कंपनी पीएसी शामिल हैं। इसके अलावा, मनेरी, हर्षिल, धरासू, बड़कोट, पुरोला और मोरी जैसे प्रमुख थाना क्षेत्रों से भी पुलिस अधिकारी और जवान मुख्यालय में तैनात किए गए हैं।
टी राजा, जो वर्तमान में हैदराबाद के विधायक हैं, अपनी तल्ख धार्मिक टिप्पणियों के कारण चर्चा में रहते हैं। उनके खिलाफ कई विवादास्पद टिप्पणियों को लेकर मामले भी चल रहे हैं। महापंचायत में उनके शामिल होने को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएँ सामने आ रही हैं, लेकिन आयोजकों का कहना है कि यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण और शालीनता से आयोजित किया जाएगा।
एसपी सरिता डोबाल ने कहा, “महापंचायत के आयोजन के लिए सभी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अतिरिक्त फोर्स भी मिल गई है और हमने प्वाइंट वाइज ड्यूटी लगाने के साथ-साथ आयोजकों से भी शर्तों का पालन करने को कहा है। हमारी प्राथमिकता शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।”
#Mahapanchayat, #MasjidDispute, #HinduLeaders, #Police Security, #TRaja